राज्यपाल ने शिव स्वराज्य यात्रा का राजस्थान में स्वागत और अभिनंदन किया
राज्यपाल ने कहा, स्वराज का उद्घोष करने वाले अप्रतिम भारतीय योद्धा थे छत्रपति शिवाजी महाराज
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि देश में हिंदवी राज्य की स्थापना छत्रपति शिवाजी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की वीरता, साहस मातृभूमि के प्रति उनके अनुराग और अपराजेय रहने के इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए अधिकाधिक कार्य किया जाए। उन्होंने शिवाजी महाराज के जीवन, विजय अभियानों और अपराजेय रहने के इतिहास के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
राज्यपाल बागडे ने रविवार को महाराष्ट्र के पुणे से पूंछ, जम्मू कश्मीर के लिए जा रही शिव स्वराज्य यात्रा का राजस्थान में अभिनंदन के बाद आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने इससे पहले छत्रपति शिवाजी महाराज की घोड़े पर सवार प्रतिमा के साथ शिव स्वराज्य यात्रा के लोकभवन पहुंचने पर भावभरा स्वागत किया। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष द्वीप प्रज्जवलन किया और माल्यार्पण कर आरती उतारते हुए उन्हें नमन किया।
छत्रपति शिवाजी महाराज की जय, जय भवानी के नारों के उद्घोष के मध्य राज्यपाल बागडे ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज स्वराज का उद्घोष करने वाले अप्रतिम भारतीय योद्धा थे। अदम्य साहस, दूरदृष्टि और संगठन क्षमता के बल पर उन्होंने एक सुदृढ़ एवं लोककल्याणकारी राज्य की स्थापना के साथ समानता की भारतीय परम्परा को जीवंत किया। राज्यपाल ने शिवाजी महाराज की जयपुर से जम्मू कश्मीर जा रही शोभा यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जोश जगाने वाले राष्ट्रनायक हैं।
इस अवसर पर सिविल लाइंस विधानसभा के विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा महती पहल है। शोभा यात्रा के अनिल जाधव ने शिव स्वराज्य यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। राज्यपाल को शिवाजी महाराज पर प्रकाशित तीन पुस्तके भी भेंट की गई।
bhavtarini.com@gmail.com

