संसद भवन में गूंजी बालोद की बेटी वंशिका सिंह की आवाज, जिले के लिए गौरव का क्षण

संसद भवन में गूंजी बालोद की बेटी वंशिका सिंह की आवाज, जिले के लिए गौरव का क्षण

बालोद, जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुसुमकसा की छात्रा वंशिका सिंह ने देश के नए संसद भवन में आयोजित ’एकता दिवस’ के अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए। आज 31 अक्टूबर संसद भवन में वंशिका द्वारा दिए गए भाषण ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

एक छोटे से क्षेत्र के विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा का देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के परिसर में अपनी बात रखने का अवसर प्राप्त करना उसकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों का परिचायक है। यह उपलब्धि न केवल वंशिका और उसके परिवार, बल्कि विद्यालय, शिक्षकों तथा पूरे बालोद जिले के लिए गर्व का विषय है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा निखारने तथा उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे प्रयासों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। वंशिका सिंह की यह उपलब्धि इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के आत्मविश्वास से छोटे क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं।

पूरे जिले में हर्ष का माहौल

संसद भवन में वंशिका सिंह की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और जिलेवासियों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

बालोद जिले के लिए वंशिका की यह सफलता केवल एक छात्रा की उपलब्धि नहीं, बल्कि जिले में शिक्षा और प्रतिभा विकास की दिशा में हो रहे प्रयासों का गौरवपूर्ण उदाहरण है।