CM भगवंत मान ने संत अतर सिंह महाराज अस्पताल का उद्घाटन किया, हजारों लोगों को मिलेगा फायदा

CM भगवंत मान ने संत अतर सिंह महाराज अस्पताल का उद्घाटन किया, हजारों लोगों को मिलेगा फायदा

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गांव चीमा में संत अतर सिंह जी महाराज अस्पताल का उद्घाटन किया। करीब ₹11.70 करोड़ की लागत से बने इस 30 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा बल मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अस्पताल 15 गांवों के लगभग 50 हजार लोगों को सीधा लाभ पहुंचाएगा, जबकि आसपास के 35-40 हजार लोगों को भी किफायती और बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्होंने अस्पताल का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया, मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताया।

उन्होंने कहा कि पहले संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को संगरूर, पटियाला और लुधियाना जैसे शहरों में रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक मशीनों, इमरजेंसी सेवाओं और जच्चा-बच्चा वार्ड की सुविधा उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि संत बाबा अतर सिंह के नाम पर जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अस्पताल के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह केंद्र पहले 10 बिस्तरों के साथ शुरू हुआ था, जिसे बाद में 20 और अब बढ़ाकर 30 बिस्तरों तक विस्तारित किया गया है। यहां आपातकालीन सेवाओं के साथ सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे सड़क हादसों और गंभीर बीमारियों के मरीजों को तुरंत इलाज मिल सकेगा।

अस्पताल में ईएनटी, दंत चिकित्सा और बाल रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा मुफ्त जच्चा-बच्चा सेवाएं, एक्स-रे, ब्लड टेस्ट और नशा मुक्ति उपचार जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

नशा मुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को सही दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है और “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उनकी संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 90% घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है, 65 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के रोजगार मिला है और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता के पैसे को जनता के हित में ही खर्च कर रही है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह भी मौजूद रहे।