यूपी चुनाव: चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, आधी आबादी को 40 फीसदी टिकट

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहला बड़ा दांव खेला है। विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है। प्रियंका गांधी ने कहा, मैं महिलाओं से अनुरोध करती हूं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं राजनीति में आएं। उन्होंने 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया। यह पहली बार है, जब किसी पार्टी ने महिलाओं के लिए इतना बड़ा ऐलान किया है।
15 तक महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
हमने हर विधानसभा के लिए आवेदन मांगे हैं। अगले महीने की 15 तारीख तक खुला है, जो चुनाव लड़ना चाहता है आवेदन करे। हम उन्हें राजनीति में मौका देंगे। ज्यादा से ज्यादा महिलाएं आगे आएं। प्रियंका गांधी ने कहा, उनका बस चलता तो मैं 50 फीसदी महिलाओं को टिकट देती। मैं यूपी की इंचार्ज हूं तो मैंने फिलहाल उत्तर प्रदेश के लिए फैसला लिया है। केंद्र स्तर पर बाद में सोचा जाएगा। राजनीति पार्टियां सोचती हैं कि महिलाएं दो हजार रुपए देकर और सिलिंडर देकर खुश कर देंगे लेकिन राजनीति में बदलाव ऐसे नहीं आएगा।
मेरिट के आधार पर टिकट
हम महिला हैं। हम एक दूसरे के संघर्ष में साथ दें। सोचे की यह हमारी बहन है, साथ खड़े होना चाहिए और साथ लड़ना चाहिए। प्रियंका ने कहा कि अगर कोई अपनी बहन, बेटी को चुनाव लड़ाता है तो भी कोई बुराई नहीं है। वह तब भी सक्षम हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर नहीं हम महिलाओं को मेरिट के आधार पर टिकट देंगे। उन्होंने कहा कि मेरी राजनीति सिर्फ इसलिए है कि बदलाव आए। कुछ आशा, उम्मीद जागे, ऐसी राजनीति चाहती हूं जिसमें सेवा और प्रेम का भाव हो। कुचलने और मारने का नहीं।