केंद्रीय मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा रद्द, अब सीधे पहुंचेंगे इंदौर आएंगे

केंद्रीय मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा रद्द, अब सीधे पहुंचेंगे इंदौर आएंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीन माह का समय बचा है। इससे पहले भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर रविवार को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। उनका भोपाल का कार्यक्रम रद्द हो गया है। अब वे सीधे इंदौर में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों की रणनीति बनाने का काम अपने हाथ में ले लिया है। भोपाल में बड़े नेताओं के साथ बंद कमरा बैठकों के बाद अब वह अपनी रणनीति जमीन पर उतारने के लिए दोबारा मप्र आ रहे हैं। रविवार को वे भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, लेकिन उनका यह कार्यक्रम रद्द हो गया है। अब वे सीधे इंदौर पहुंचेंगे और इंदौर के पास परशुराम की जन्मस्थली जानापाव जाएंगे। वहां दर्शन करने के बाद इंदौर में कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। अमित शाह दौरे के दौरान चुनावी रणनीति के साथ पहली बार टिकट को लेकर भी बात करेंगे। टिकट वितरण को लेकर केंद्र और प्रदेश संगठन के बीच विचार मंथन होगा। विधायकों और मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिपोर्ट पर शाह चर्चा करेंगे। जमीनी फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट पर भी विचार मंथन होगा। बता दें कि बीती बैठक में हारी सीटों को लेकर विचार मंथन हुआ था।

शीर्ष नेतृत्व ने संभाल ली है चुनाव की तैयारी
केंद्रीय गृहमंत्री के लगातार हो रहे दौरे को लेकर इन चर्चाओं को बल मिला है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की कमान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपने हाथों में ले ली है। इसी हफ्ते में यह अमित शाह का दूसरा भोपाल दौरा है। इस दौरे में भी चुनाव प्रबंधन से जुड़ी बैठकें प्रस्तावित हैं। पार्टी पदाधिकारियों में इसे लेकर गंभीरता है। कार्यकर्ताओं के साथ वे तैयारियों में जुटे हैं।

ब्राह्मण वर्ग पर भाजपा की नजर
दरअसल, इंदौर के पास पहाड़ी पर स्थित जानापाव ब्राह्मणों का तीर्थ स्थल है। जहां अमित शाह दर्शन करने पहुंचेंगे। बीजेपी की चुनावी साल में ब्राह्मण वोटर्स पर नजर है। क्योंकि पिछले चुनाव में सीएम के एक बयान के बाद पार्टी को ब्राह्मणों की नाराजगी झेलना पड़ी थी। ऐसे में बीजेपी इस वर्ग को अभी से साधकर चलने की तैयारी में है।

50 सीटों पर निर्णायक
दरअसल, मध्य प्रदेश की 230 में से 50 सीटों पर ब्राह्मण वर्ग की सीधी पकड़ मानी जाती है। इन सीटों पर हार जीत का निर्णय यही वर्ग करता हैं। जबकि विंध्य और मालवा-निमाड़ में भी इस वर्ग की काफी पकड़ मानी जाती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में इस वर्ग की नाराजगी का नुकसान बीजेपी को उठाना पड़ा था। यही वजह है कि 50 लाख से ज्यादा आबादी वाले इस वर्ग को साधने के लिए बीजेपी पूरी ताकत लगा रही है। यही वजह है कि चुनावी साल में बीजेपी इस वर्ग के लिए कई बड़े ऐलान भी कर चुकी है।

विजयवर्गीय ने 160 सीटें जीतने की कही बात
अमित शाह के इंदौर दौरे को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाह के दौरे की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश में बीजेपी 160 से ज्यादा सीटें जीतेगी। यह मेरा सर्वे कहता है।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम
शाह सीधे इंदौर में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाह के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब वह सीधे दोपहर 2.20 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से मां कनकदेवी मंदिर, आईटीआई के समीप पहुंचेंगे और दोपहर 2.30 बजे से बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यहां से शाह वापस एयरपोर्ट पहुंचेंगे और हैलीकॉप्टर के द्वारा शाम 4.10 बजे भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव के लिए रवाना होंगे। शाह यहां दर्शन एवं पूजन के बाद शाम 5.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से शाह शाम 6.00 बजे होटल मैरियट पहुंचेंगे और पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे। रात के भोजन के बाद अमित शाह 8.30 बजे होटल से एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 8.35 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

सोशल मीडिया पर देखें खेती-किसानी और अपने आसपास की खबरें, क्लिक करें...

- देश-दुनिया तथा खेत-खलिहान, गांव और किसान के ताजा समाचार पढने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म गूगल न्यूजगूगल न्यूज, फेसबुक, फेसबुक 1, फेसबुक 2,  टेलीग्राम,  टेलीग्राम 1, लिंकडिन, लिंकडिन 1, लिंकडिन 2टवीटर, टवीटर 1इंस्टाग्राम, इंस्टाग्राम 1कू ऐप से जुडें- और पाएं हर पल की अपडेट