ग्राम रोजगार सहायक ने मस्टर में मजदूरों के जगह भर दिया अपने सगे चाचा-चाची का नाम
सीएम तक पहुंची शिकायत, मंत्री ने लिया संज्ञान, अफसरों के फूले हाथ-पांव
जिम्मेदार मौन: रीवा जिले की जनपद मऊगंज का चौंकाने वाला कारनामा
भोपाल/रीवा। मध्य प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ अधिकारी-कर्मचारी काम करें। मैं न खाऊंगा, न खाने दूंगा। अब कांग्रेस की नहीं, बल्कि भाजपा की सरकार है। योजनाओं से जुड़े जनता के काम में अगर लेन-देन की शिकायत मिली तो संबंधित को सलाखों के पीछे पहुंचा दूंगा। इसके साथ ही वरिष्ट अधिकारियों ने अगर अनदेखी की तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह बात हम नहीं, बल्कि प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चौथी बार जब सीएम पद की मार्च में कमान संभाली थी, तब कही थी। और अभी हाल ही में कलेक्टर, कमिश्नर और एसपी कांफ्रेंस के दौरान भी उसी बात को दोहराया था। लेकिन सीएम की तमाम बातें हवा में नजर आ रही हैं। दरअसल, हम बात कर रहे हैं, प्रदेश के रीवा जिले की जनपद पंचायत मऊगंज की।
विकास के नाम पर किए गए फर्जीवाड़े
मऊगंज की ग्राम पंचायत मऊबगदरा में मनरेगा की हितग्राही मूलक योजना मेड़ बंधान में ग्राम रोजगार सहायक (जीआरएस) प्रकाश मिश्रा पिता श्याम सुंदर मिश्रा के भ्रष्टाचार के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। यहीं नहीं, जीआरएस ने योजना का पैसा हजम करने के लिए अपने सगे चाचा राजकुमार मिश्रा और चाची रेखा मिश्रा का नाम मस्टर रोल में डालकर शासन से भुगतान भी करा लिया। यहां पंचायतों में विकास के नाम पर किए गए फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी जांच नहीं कर रहे हैं। इससे भ्रष्टाचार के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
एक नजर में पूरा मामला
ग्राम पंचायत मऊबगदरा निवासी मनविश्राम मिश्रा पिता शिशुपाल राम मिश्रा की भूमि में मेड़ बंधान का कार्य 12/06/ 2020 को मनरेगा की हितग्राही मूलक योजना के तहत मंजूर हुआ था। लेकिन आज दिनांक तक कार्यस्थल पर उक्त कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। लेकिन पंचायत के दबंग जीआरएस प्रकाश मिश्रा द्वारा फर्जी मस्टर रोल संख्या- 4699, तारीख 14/06/ 2020 से 20/06/2020 तक मेड़ बंधान का कार्य चला। जिसका मूल्यांकन एमबी क्रमांक 171313 पेज क्रमांक 02 में दर्शाया गया है। दूसरा फर्जी मस्टर रोल संख्या-8668, तारीख 16/08/2020 से 22/ 08/2020 तक मेड़ बंधान का कार्य दर्शाया गया है। जिसका मूल्यांकन एमबी नंबर 17133030 पेज क्रमांक 07 दर्शाया गया है।
जीआरएस ने ऐसे करा लिया भुगतान
पहले मस्टर में 114 मानव दिवस दर्शाकर 21, 660 रुपए निकाले, फिर दूसरे मस्टर में 12 मानव दिवस दिखाकर 2,2 80 रुपए फर्जी तरीके से आहरण कर लिया। यही नहीं, दूसरे मस्टर का एमबी नंबर भी गलत दर्शाया। जिसमें छह अंक की जगह आठ अंक डाल दिया।
यहां पहुंची शिकायत
हितग्राही ने फर्जीवाड़े की जांच के लिए मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री, अपर मुख्य सचिव पांचयत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुक्त पंचायत राज संचालनालय भोपाल, आयुक्त मनरेगा परिषद भोपाल, कलेक्टर रीवा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला रीवा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मऊगंज से गुहार लगाई है।
मुख्यमंत्री ने दिखाई सक्रियता
जैसे ही हितग्राही की शिकायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास पहुंची तो उन्होंने जीआरएस प्रकाश मिश्रा द्वारा किए गए फर्जीवाड़े को गंभीरता से लेते हुए 23/11/2020 को आयुक्त पंचायत राज संचालनालय और रीवा कलेक्टर डॉ. इलया राजा टी को शिकायत पर तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के लिए भेज दिया।
पंचायत मंत्री ने हितग्राही से की बात
जीआरएस प्रकाश मिश्रा के फर्जीवाड़े को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने खुद हितग्राही से फोन पर बात की। हितग्राही की फरियाद सुनने के बाद मंत्री ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया और दो टूक शब्दों में कहा कि अगर फर्जीवाड़ा हुआ है तो जीआरएस को बर्खास्त किया जाएगा। इसके साथ ही उसके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की जांच कराई जाएगी। इसमें जो दोषी होंगे उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।
सरपंच को नहीं लगी भनक
यहां सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ग्राम पंचायत मऊबगदरा में ग्राम रोजगार सहायक प्रकाश मिश्रा द्वारा फर्जी तरीके से दर्शाए गए मेड़ बंधान के कार्य की पंचायत की महिला सरपंच/ ग्राम प्रधान को भनक तक नहीं लगी कि कब, कहां और कैसे बिना काम के ही मेड़ बंधान का भुगतान करा लिया।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत मऊबगरा में मेड़ बंधान कार्य की हम पहले जांच कराएंगे। अगर जांच में मेड़ बंधान कार्य होना नहीं पाया गया तो जीआरएस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उससे योजना की राशि की वसूली होगी और एफआईआर भी दर्ज कराएंगे।
सूफिया फारूखी वली, आयुक्त, मनरेगा
मैं अभी बाहर हूं। जैसे ही रीवा पहुंचूंगा वैसे ही जीआरएस द्वारा ग्राम पंचायत मऊबगदरा में कराए गए मेड़ बंधान कार्य की जांच कराऊंगा। मेड़ बंधान के कार्य में अगर जीआरएस ने भ्रष्टचार किया है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. इलैया राजा टी, कलेक्टर, रीवा