ASHES 1st TEST: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में इंग्लैंड की स्थिति मजबूत

ASHES 1st TEST: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में इंग्लैंड की स्थिति मजबूत

बर्मिंघम
मेजबान इंग्लैंड ने बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के साथ खेले जा रहे एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 374 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी के आधार पर 90 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए थे। स्टीव स्मिथ 46 और ट्रेविस हेड 21 रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉनर (8), कैमरन बैनक्रॉफ्ट (7) और उस्मान ख्वाजा (40) के रूप में अपने तीन विकेट गंवाए। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड, बेन स्टोक्स और मोइन अली ने अब तक 1 1 विकेट लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त अभी 34 रन की हुई है।

इससे पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में तीसरे दिन की शुरुआत चार विकेट के नुकसान पर 267 रनों के साथ की थी और लंच तक 8 विकेट के नुकसान पर 328 रन बना लिए थे। लंच के बाद इंग्लैंड की टीम अपने स्कोर में 46 रन और जोड़कर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के ऑलआउट होते ही चायकाल की घोषणा कर दी गई। लंच के समय क्रिस वोक्स 13 और स्टुअर्ट ब्रॉड 11 रन बनाकर खेल रहे थे। लंच के बाद इंग्लैंड को नौवां झटका ब्रॉड के रूप में 365 के स्कोर पर लगा। ब्रॉड ने 67 गेंदों पर दो चौके लगाए। जेम्स एंडरसन (3) के रूप में इंग्लैंड का आखिरी विकेट गिरा। वोक्स 95 गेंदों पर नाबाद 37 रनों की पारी में एक चौके और एक चौका लगाया।  

तीसरे दिन इंग्लैंड के ओपनर रोरी बर्न्स दूसरे दिन 312 गेंदों पर 17 चौकों की मदद से 133 और कप्तान जो रूट ने 119 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 57 रन बनाए। बेन स्टोक्स 96 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे। क्रिस वोक्स 37 रन बनाकर नाबाद रहे। स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी 29 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वोक्स और ब्रॉड ने 9वें विकेट के लिए 65 रन जोड़े। यह एशेज में इंग्लैंड की ओर से 9वें विकेट के लिए सर्वोच्च साझेदारी है। इस साझेदारी ने ही इंग्लैंड को 90 रन की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस और नाथन लॉयन ने तीन-तीन जबकि जेम्स पैटिंसन और पीटर सिडल को दो-दो विकेट मिले। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 284 रन पर आउट हुई थी। स्टीव स्मिथ ने 144 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने 5 और क्रिस वोक्स ने 3 विकेट लिए, मोइन अली और बेन स्टोक्स को 1-1 विकेट मिला।