विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रजापति तथा राज्यसभा सांसद श्री तन्खा ने तीनों अस्पतालों का किया निरीक्षण
तन्खा मेमोरियल के दिव्यांग बच्चों से भी मिले
Syed Javed Ali
मण्डला - 7 से 14 नवम्बर के बीच आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत जिले के 3 चिकित्सालयों में इलाज किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में जनरल सर्जरी, नेत्र तथा दंत, हड्डी, योगीराज चिकित्सालय में अस्थि, प्लास्टिक सर्जरी एवं ईएनटी तथा कटरा अस्पताल में स्त्री रोग से संबंधित इलाज किया जा रहा है। इन चिकित्सालयों में शिविर के लिए वृहद पैमाने पर व्यवस्था की गई है। शिविर की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री एनपी प्रजापति, राज्यसभा सांसद श्री विवेककृष्ण तन्खा, रोटरी क्लब के वर्ष 2020-21 के लिए नियुक्त अंतर्राष्ट्रीय चेयरमैन शेखर मेहता, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधितों ने दौरा किया। विधानसभा अध्यक्ष ने तीनों अस्पतालों में चल रहे इलाज एवं प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जिला चिकित्सालय में शिविर के तहत् हुए निर्माण कार्य एवं ओपीडी तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। उन्होंने जिला चिकित्सालय की ओटी तथा जरूरी मशीनों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। राज्यसभा सांसद श्री तन्खा ने स्वास्थ्य लाभ लेने पहुंचे मरीजों के लिए की जा रही व्यवस्था के बारे में जाना। विशिष्ट अतिथियों ने तीनों अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित मरीजों से बात की। कटरा अस्पताल में डॉक्टरों से चर्चा करते हुए विशिष्ट अतिथियों ने उनसे चिकित्सा संबंधी चर्चा भी की। इस दौरान शिविर में स्वास्थ्य सेवाऐं देने के लिए शामिल हुए डॉक्टरों का रोटरी स्टॉल से सम्मान किया गया।
दिव्यांग बच्चों की बनाई कलाकृतियाँ देखकर खुश हुए अतिथि -
विशिष्ट अतिथियों ने राज्यसभा सांसद श्री विवेककृष्ण तन्खा के फाउंडेशन तन्खा मेमोरियल द्वारा जिले में संचालित दिव्यांग बच्चों की संस्था पहुंचकर बच्चों से मिले। उन्होंने संचालित संस्था में दिव्यांगों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी कार्यों के बारे में विस्तार से जाना। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों ने दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक कलाकृतियां भी देखी। दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाये गये आकर्षक दीये, ग्रीटिंग कार्ड, कागज की टोपी तथा अन्य हस्तशिल्प सामग्री को देखकर उपस्थित विशिष्टजनों ने प्रशंसा की। बच्चों ने स्वनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड अतिथियों को भेंट भी की।