पोहरी में भाजपा के बागी उम्मीद्वार बिगाड़ेंगे भाजपा और कांग्रेस का गणित

पोहरी में भाजपा के बागी उम्मीद्वार बिगाड़ेंगे भाजपा और कांग्रेस का गणित
khemraj morya शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के दावेदार कृषि उपज मंडी शिवपुरी के उपाध्यक्ष कैलाश कुशवाह ने विद्रोह का झंडा बुलंद कर दिया है। श्री कुशवाह ने इस विधानसभा क्षेत्र से न केवल बसपा टिकट पर चुनाव लडऩे की घोषणा की है। बल्कि बहुजन समाज पार्टी ने पोहरी विधानसभा क्षेत्र से उनकी उम्मीदवारी भी घोषित कर दी है। इससे भाजपा खैमे में चिंता की लकीरें उत्पन्न हो गई हैं। पोहरी विधानसभा क्षेत्र जिले का एकमात्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र हैं जहां जातिगत समीकरण प्रभावी हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में 40 से 45 हजार मतदाता धाकड़ समुदाय के हैं। यहां से अभी तक या तो धाकड़ उम्मीदवार अथवा ब्राह्मण उम्मीदवार ही विजयी होता रहा है। प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस या तो धाकड़ को अथवा ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकट देते हैं। लेकिन इस बार कृषि उपज मंडी शिवपुरी के उपाध्यक्ष कैलाश कुशवाह ने लगभग 1 साल पहले पोहरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे की घोषणा कर दी थी और 6 माह से उनका जनसंपर्क क्षेत्र में जोर-शोर से चल रहा है। श्री कुशवाह ने साफ-साफ कहा था कि वह पहले भाजपा से टिकट मांगेंगे लेकिन यदि टिकट नहीं मिला तो उनके लिए अन्य विकल्प भी खुले हैं। सूत्रों के अनुसार पोहरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने उनकी उम्मीदवारी पर अधिक ध्यान नहीं दिया। यहां से भाजपा टिकट के दावेदार वर्तमान विधायक प्रहलाद भारती अथवा सलौनी धाकड़ अथवा पू्रर्व विधायक नरेंद्र बिरथरे ही माने जा रहे हैं। श्री बिरथरे के नाम की पैरवी जहां पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती कर रही हैं। वहीं प्रहलाद भारती मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के चहेते हैं। महिला उम्मीदवार सलौनी धाकड़ की भी भाजपा के राजनैतिक गलियारे में ऊंची पहुंच है। इस इस विधानसभा क्षेत्र से सोनू बिरथरे और किसान मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत का नाम भी उछला था। लेकिन इन नामों को ज्यादा चर्चा नहीं मिली। श्री कुशवाह को भी बताया जाता है कि पार्टी ने टिकट के लिए मना कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बसपा से सम्पर्क साधा और बसपा ने उन्हें टिकट देने की घोषणा कर भाजपा के समीकरण को गड़बड़ा दिया है। पोहरी विधानसभा क्षेत्र में 15 हजार से अधिक कुशवाह मतदाता हैं और कुशवाह मतदाताओं को भाजपा का परम्परागत वोट बैंक माना जाता है। शिवपुरी से ईरशाद राईन, करैरा से प्रागीलाल और कोलारस से अशोक की उम्मीदवारी पोहरी विधानसभा क्षेत्र के अलावा बहुजन समाज पार्टी ने शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से ईरशाद राईन की उम्मीदवारी तय की है। वहीं करैरा विधानसभा क्षेत्र से पिछले चुनाव में पराजित हुए प्रागीलाल जाटव को पुन: मौका दिया गया है। श्री जाटव ने पिछले विधानसभा चुनाव में पराजित होने के बाद भी 45 हजार वोट प्राप्त किए थे। जबकि भाजपा के पराजित उम्मीदवार ओमप्रकाश खटीक को 49 हजार के लगभग वोट मिले थे। कोलारस विधानसभा क्षेत्र से बसपा ने अशोक शर्मा को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।