CM की बेटी के खिलाफ 250 किसानों ने भरा पर्चा

CM की बेटी के खिलाफ 250 किसानों ने भरा पर्चा

 हैदराबाद
तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कलवकुंतला कविता ने 1000 किसानों से अपील की है कि वे वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेठी में कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ पर्चा दाखिल करें। उन्‍होंने कहा कि इससे दोनों नेताओं को देश में किसानों की दुर्दशा के बारे में पता चलेगा। निजामाबाद से सांसद कलवकुंतला ने पिछले दिनों अपने संसदीय क्षेत्र में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही थी।


टीआरएस नेता का यह दांव उल्‍टा पड़ गया और हल्‍दी पैदा करने वाले 250 किसानों ने सोमवार को उनके खिलाफ ही निजामाबाद से पर्चा दाखिल कर दिया। जिन लोगों ने कलवकुंतला के खिलाफ पर्चा दाखिल किया है, उनमें बालकोंडा की रहने वाली 28 वर्षीय महिला किसान ए रजिता भी शामिल हैं। रजिता ने कहा कि वह किसानों के संकट में मदद नहीं करने पर केंद्र और राज्‍य सरकार के अक्षम रहने पर हजारों अन्‍य किसानों के साथ आवाज उठाना चाहती थीं।