नहर लाईनिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें - राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते

नहर लाईनिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें - राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते

नहर लाईनिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें - राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते

केंद्रीय मंत्री ने ली जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक

complete-canal-lining-work-in-a-quality-manner-minister-of-state-faggan-singh-kulaste Syed Javed Ali मण्डला - केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक ली। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने जिले में मनरेगा के तहत् संचालित समस्त कार्याें की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत किए जाने वाले मेढ़बंधान, वृक्षारोपण तथा खेत तालाब के कार्यों की समीक्षा की। श्री कुलस्ते ने उद्यानिकी और कृषि विभागों को किसानों को लाभ पहुंचाने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत् जिले में नहर लाईनिंग के कार्य पर विस्तार से चर्चा की। राज्यमंत्री ने थावर, मटियारी तथा हालोन बांध से पीने के पानी और सिंचाई के कार्य के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने भटगांव जलाशय की स्वीकृति के बारे में डब्ल्यूआरडी ईई से सवाल किए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग नहर लाईनिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से सुनिश्चित करें। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, भीष्म द्विवेदी, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा संबधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में पीएम गरीब कल्याण योजना पर चर्चा की गई। राज्यमंत्री ने इस योजना के तहत् प्रवासी मजदूरों को दिए जाने वाले कार्याे का विस्तार से ब्यौरा मांगा। उन्होंने मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे के अपूर्ण कार्य में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता से काम देने और उनकी संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। श्री फग्गन सिंह कुलस्त ने जिले में जल सरंक्षण योजना के तहत् किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने खेत तालाब, नल-जल योजना की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा के अनुसार प्रत्येक घर में पीने का पानी पहुचाने के लिए संबंधित विभाग प्राथमिकता से कार्य करें। राज्यमंत्री ने बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मिशन के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि जलजीवन मिशन योजना के अंतर्गत कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। नगरीय निकायों की समस्याओं और मांग पर हुई चर्चा - बैठक में जिले की सभी नगरीय निकायों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से बात हुई। जनप्रतिनिधियों ने निवास में रोड, भूमिहीन व्यक्तियों को पट्टा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य और अब तक निर्मित आवासों के बारे में बताया। नैनपुर में बस स्टैंड, बायपास के निर्माण की मांग की गई। बम्हनी में अतिक्रमण की चर्चा तथा मंडला और बिछिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण एवं पूर्ण कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूहों उनमें कार्यरत महिलाओं और उनकी आर्थिक स्थिति के बारे में आंकड़ेवार जानकारी दी गई। राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने जिले के विभिन्न विकासखण्डों में आँगनवाड़ी भवनों की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग किराए के घरों में तथा अपूर्ण आंगनवाड़ी भवनों की जानकारी संकलित करें तथा आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण को पूरा करने प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के वंचित हितग्राहियों के लिए जल्द कार्यवाही सुनिश्चित की मांग भी की। विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा ने मवई, घुघरी और मोहगांव में आंगनवाड़ी भवनों और कुम्हली में पंचायत भवन की मांग रखी। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र और अपात्र हितग्राहियों की सूची पंचायत स्तर पर चस्पा करने की बात कही। राज्यमंत्री ने कोरोना नियंत्रण की तैयारियों के संबंध में प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के लिए बनाई गई रणनीति के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समिति की बैठक में अध्यक्ष श्री कुलस्ते द्वारा दिए गए निर्देशों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की बात कही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समिति के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर नियमानुसार काम करने के निर्देश दिए। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न - जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने निर्देशित किया कि दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहाँ पर सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर संकेतक लगाएं तथा मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले अन्य मार्गों में नियमानुसार गति अवरोधक बनाए जाएं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक देवसिंह सैयाम, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, भीष्म द्विवेदी सहित समिति सदस्य उपस्थित रहे। इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने निर्देशित किया कि विशेष अभियान संचालित करते हुए जनसामान्य को वाहनों की गति नियंत्रित रखने एवं यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने सिवनी रोड से डिंडौरी रोड को जोड़ने के लिए बायपास बनाने के संबंध में अपनी बात रखी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को संकेतक लगाने तथा नियमानुसार गति अवरोधक निर्माण का कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के संबंध में समय सीमा के संबंध में चर्चा की। बैठक में सड़कों से अतिक्रमण हटाने, ऑटोरिक्शा स्टेंड, पार्किंग स्थल, सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने, चिलमन चौक पर जेब्रा क्रॉसिंग, लालीपुर एवं बिंझिया तिराहा पर यातायात सिगनल स्थापित करने आदि के संबंध में चर्चा की गई।