बिना किसी टारगेट के शुरू हुआ कांग्रेस का भी सदस्यता अभियान

बिना किसी टारगेट के शुरू हुआ कांग्रेस का भी सदस्यता अभियान
भोपाल, भाजपा के आज से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान के साथ ही कांग्रेस ने भी प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि कांग्रेस का यह अभियान जोर शोर से नहीं किया जा रहा है। इसके लिए संगठन की ओर से जिला और ब्लॉक अध्यक्ष को निर्देश जारी कर सदस्य बनाने पर जोर देने का कहा गया है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को दिए निर्देश में कहा है कि बूथ स्तर पर जाकर सदस्यता अभियान चलाया जाए। हर बूथ पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में सदस्य बनाए जाएं। सदस्यता का हर माह लेखा-जोखा भी पीसीसी को देना के निर्देश उन्होंने दिए हैं। भाजपा ने भले ही टारगेट देकर सदस्यता बढ़ाने का अभियान शुरू किया हो, लेकिन कांग्रेस अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा से इसे जोड़ने का काम करेगी। किस जिला एवं ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में कितने सदस्य बने यह उनके काम-काज की समीक्षा में जोड़ा जाएगा। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पहली बार पार्टी की सदस्यता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नाथ इन दिनों संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने सदस्यता बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।