गिरफ्तारी के बहाने हजारों समर्थकों के साथ दिग्विजय ने दिखाई ताकत

भोपाल  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा उन्हें देशद्रोही कहे जाने के विरोध में गुरुवार को भोपाल में अपनी गिरफ्तारी देने पहुंचे। टीटी नगर में गिरफ्तारी देने पहुंचे दिग्विजय के साथ हजारों कार्यकर्ता थे। इस दौरान दिग्विजय ने एक तरह से शिवराज सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में दम हो तो वह उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए। एमपी में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और दिग्विजय का यह कदम शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान ने कुछ दिनों पहले सतना में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह को देशद्रोही बताया था। शिवराज की इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय ने 22 जुलाई को ट्वीट किया था, 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी मुझे 'देशद्रोही' मानते हैं। जहां तक मुझे मालूम है मैंने ऐसा कोई कार्य नहीं किया, जिसकी वजह से मैं मुख्यमंत्री जी की नजरों में देशद्रोही की श्रेणी में आता हूं।' 'सबूतों के आधार पर सख्त सजा दिलवाए सरकार'  एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा था,'फिर भी हो सकता है कि मुझ पर इतना गंभीर आरोप लगाने के लिए उनके पास पुख़्ता सबूत होंगे अन्यथा वह मुझ पर इतना गंभीर आरोप नहीं लगाते। मैं एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने आप को 26 जुलाई को भोपाल के टीटी नगर थाने में प्रस्तुत करूंगा, ताकि सबूतों के आधार पर मध्य प्रदेश शासन मुझे गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलवाए।' हजारों समर्थकों के साथ भोपाल पहुंचे दिग्विजय  इस ऐलान के अनुसार गुरुवार को दिग्विजय सिंह हजारों समर्थकों के साथ दर्जनों गाड़ियों के काफिले में गिरफ्तारी देने पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि दिग्विजय यहां प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यालय में जाने के बाद टीटी नगर थाने में गिरफ्तारी देने पहुंचे हैं। हालांकि अब तक किसी भी विधिक कार्रवाई के बारे में पुलिस या मध्य प्रदेश सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। गौरतलब है कि बुधवार को दिग्विजय सिंह की गिरफ्तारी के इस ऐलान के वापस होने की भी अफवाह फैली थी, लेकिन दिग्विजय समर्थकों ने यह स्पष्ट किया कि पूर्व सीएम तय कार्यक्रम के अनुसार ही गुरुवार को भोपाल पहुंचेंगे।