गांधी जी अहिंसा को वीरों का आभूषण मानते थे
गांधी जयंती पर संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी संपन्न
Syed Javed Ali
मण्डला - अहिंसा ही गांधीवाद का मूल मंत्र है। सत्य और अहिंसा के दम पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को आजादी दिलाई थी। यह बात कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने शासकीय रानी अवन्ति बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गांधी दर्शन पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के अवसर पर कही।
कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया ने कहा कि गांधी जी ने सत्य के सिद्धांत को प्रतिपादित किया है। गांधी दर्शन को समझने के लिए स्वाध्याय जरूरी है। महात्मा गांधी ने स्वावलंबन एवं स्वच्छता का संदेश दिया था जो आज भी प्रासंगिक है। सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक अरविन्द शुक्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने अर्थ व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लघु उद्योग एवं स्वरोजगार की आवश्यकता प्रतिपादित की थी। उन्होंने ग्राम स्वराज की कल्पना की थी। दुनिया के महान समाज सुधारकों ने भी गांधी दर्शन को आत्मसात किया। श्री शुक्ला ने अपने उद्बोधन में गांधी जी से जु़ड़े संस्मरणों का भी उल्लेख किया। प्रोफेसर शरदनारायण खरे ने कहा कि सत्याग्रह के माध्यम से आजादी दिलाकर महात्मा गांधी ने एक अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। गांधी जी अहिंसा को वीरों का आभूषण मानते थे। प्रत्येक धर्म को सम्मान देते हुए गांधी जी ने सदैव साम्प्रदायिक सौहार्द्र का संदेश दिया है। गांधी जी का जीवन एवं उनका दर्शन एक पाठशाला के रूप में सदैव समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगा। राष्ट्र के लिए गांधी जी ने सब कुछ समर्पित कर दिया था। वे प्राणी मात्र में ईश्वर का दर्शन करते थे। गांधी जी के आदर्शों को आचरण में उतारना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पुरातत्व अधिकारी हेमन्तिका शुक्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने जाति प्रथा, रंगभेद एवं अस्पर्शता जैसे सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए समाज को एकसूत्र में पिरोने का कार्य किया है। वे रामराज्य की कल्पना साकार करना चाहते थे। हेमन्तिका शुक्ला ने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी के मंडला आगमन से संबंधित जानकारियां दी। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ महात्मा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्जवलन कर किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्रा सुदामा मरावी एवं प्रियंका परते द्वारा स्वागत गीत एवं दर्शिका शर्मा द्वारा गांधी जी का भजन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर शाला परिसर में गांधी दर्शन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी। आभार प्रदर्शन सहायक संचालक जनसंपर्क आशीष कोटांगले एवं मंच का संचालन शिक्षक प्रवीण वर्मा द्वारा किया गया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक अरविन्द शुक्ला, जिला पुरातत्व अधिकारी हेमंतिका शुक्ला, प्राचार्य कन्या महाविद्यालय प्रोफेसर शरद नारायन खरे, प्राचार्य रानी अवन्ति बाई कन्या उमावि सुनीता बर्वे एवं सहायक संचालक जनसंपर्क आशीष कुमार कोटांगले सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्राऐं उपस्थित रहीं।