Google Plus का डाटा फिर से हुआ लीक, 5 करोड़ लोगों के अकाउंट में लगी सेंध
फेसबुक, ट्विटर का डाटा लीक होने के बाद अब गूगल की नेटवर्किंग साइट गूगल प्लस के 5 करोड़ 25 लाख यूजर्स का डाटा लीक हो गया है। ऐसा दोबारा हुआ है। मार्च में 5 लाख यूजर्स का डाटा लीक होने के बाद कंपनी ने इसे अगस्त 2019 तक बंद करने का फैसला किया था, लेकिन दोबारा इतनी बड़ी संख्या में डाटा लीक होने से इसे चार महीने पहले यानी अप्रैल 2019 में ही बंद करने का फैसला लिया गया है। गूगल ने फेसबुक को चुनौती देने के लिए 7 साल पहले जून 2011 में गूगल प्लस को लॉन्च किया था। हालांकि यह फेसबुक को टक्कर देने में नाकाम रहा।
गूगल प्लस ने सोमवार रात को पोस्ट किए गए ब्लॉग में बताया कि गूगल-प्लस में दूसरी बार नवंबर में सॉफ्टवेयर अपडेट में बग मिलने से 5 करोड़ 25 लाख यूजर्स का डाटा लीक हुआ है। जी सूइट प्रॉडक्ट मैनेजमेंट के वाइस प्रेसीडेंट डेविड ठाकेर ने कहा कि इसको निजी तौर पर इस्तेमाल नहीं किया गया है। लेकिन इस डाटा में यूजर्स का नाम, ई-मेल आईडी, बिजनेस और उम्र जैसी कई अहम जानकारियां शामिल हैं।
गूगल ने कहा है कि हम प्रभावित यूजर्स को इस बारे में सूचना दे रहे हैं। ठाकेर ने कहा है कि नए बग का पता चलने के बाद हम गूगल प्लस के एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) प्रोग्राम्स को 90 दिनों में बंद करने जा रहे हैं। गूगल ने इसके पहले जब डाटा लीक हुआ था, तब गूगल प्लस को बंद करने की मुख्य वजह बताते हुए कहा था कि इसे बनाने से लेकर प्रबंधन में काफी चुनौतियां थीं। इसे ग्राहकों की आशा के अनुरूप तैयार किया गया था, लेकिन इसका कम इस्तेमाल किया जाता था।
कंपनी ने यह भी कहा कि नए बग के जरिए एप डेवलपर्स यूजर्स की प्रोफाइल तक नहीं पहुंच पाए। हालांकि एप डेवलपर्स अनजाने में ही यूजर्स के डाटा तक पहुंचकर सेंध लगा सकते थे। गूगल ने कहा है कि गूगल प्लस में मिले बग ने थर्ड पार्टी को यूजर्स की पहचान और अन्य किसी तरह के फ्रॉड के लिए एक्सेस नहीं दिया। इस बग ने एप डेवलपर्स को यूजर्स के फाइनेंशियल डाटा, राष्ट्रीय पहचान नंबर, पासवर्ड या इस तरह के डाटा नहीं दिए हैं।
गूगल को इसके पहले अक्टूबर में भी गूगल प्लस एप में बग अटैक का पता चला था। यह अटैक मार्च 2018 को हुआ था। इससे गूगल प्लस के 5 लाख यूजर्स का डाटा लीक हुआ था। इस खुलासे के बाद गूगल की स्वामित्व वाली कंपनी अल्फाबेट का शेयर 1 फीसदी तक गिरा था। वहीं गूगल ने दूसरी बार डाटा लीक होने पर अपने ब्लॉग में इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि किसी भी यूजर के डाटा के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
bhavtarini.com@gmail.com 
