ISIS में शामिल होने वाले थे? 9 संदिग्ध महाराष्ट्र ATS की हिरासत में

ISIS में शामिल होने वाले थे? 9 संदिग्ध महाराष्ट्र ATS की हिरासत में

 मुंबई/ठाणे 
महाराष्ट्र एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) ने आईएसआईएस कनेक्शन के सिलसिले में सोमवार को राज्य में कई जगह छापेमारी की। इस दौरान एटीएस ने 9 युवकों को हिरासत में लिया है, जो कथित तौर पर आतंकवादी संगठन आईएसआईएस में शामिल होने वाले थे। इस बीच खबर है कि इस मामले में महाराष्ट्र के बाहर भी कुछ गिरफ्तारियां हो सकती हैं।  
 
'सीरिया में लेनी थी फिदायीन ट्रेनिंग' 
एटीएस के एक अधिकारी ने एनबीटी को बताया कि पकड़े गए सभी संदिग्ध सीरिया जाने वाले थे। वहां उन्हें फिदायीन ट्रेनिंग दी जानी थी। हिरासत में लिए गए पांच संदिग्ध औरंगाबाद और चार ठाणे जिले के मुंब्रा के रहने वाले हैं। एटीएस इनसे सख्ती से पूछताछ कर रही है। एटीएस ने ठाणे में जिन संदिग्धों को पकड़ा है, वे सभी पॉप्युलर फ्रंट ऑफ इंडिया की औरंगाबाद शाखा के सलमान के संपर्क में थे। 
 
मुंब्रा में हिरासत में लिए गए एक नाबालिग सहित मोहम्मद मजहर शेख, मोहसिन खान और फहद शाह के नाम सामने आ रहे हैं। मोहम्मद मजहर शेख मकैनिकल इंजिनियर और मोहसिन खान सिविल इंजिनियर है। फहद शाह आर्किटेक्ट बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सभी को पहले हिरासत में लिया गया और फिर एटीएस टीम उनके घर पहुंची। 
 
'तड़के ली थी तलाशी' 
मजहर के भाई अजहर ने एनबीटी संवाददाता को बताया, 'मजहर औरंगाबाद में अपने एक दोस्त सलमान के निकाह में शामिल होने की बात कहकर घर से गया था। बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार को तड़के तीन बजे खुद को एटीएस का अधिकारी बताने वाले कुछ लोग उसके घर आए थे। उन्होंने घर की तलाशी लेकर कोना-कोना छान मारा था।' पुलिस वाले अजहर के घर से सभी सदस्यों के मोबाइल फोन, सिम कार्ड, उर्दू की कुछ पुस्तकें और एक लैपटॉप अपने साथ ले गए हैं।