LIC के IPO का 10 फीसदी हिस्सा पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित
मुंबई
एलआईसी के पॉलिसीधारकों के लिए अच्छी खबर है. केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया है कि एलआईसी के आईपीओ में शेयरों का 10 फीसदी हिस्सा इसके पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित किया जा सकता है.
गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2021-22 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह ऐलान किया है कि अगले वित्त वर्ष में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के विनिवेश का काम पूरा कर लिया जाएगा. सरकार एलआईसी का आईपीओ लाएगी यानी इसका कुछ हिस्सा लोगों को शेयर बाजार के द्वारा बेचा जाएगा.
DIPAM के सचिव ने बताया
टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में निवेश और लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव तुहिन कांत पांडे ने बताया कि एलआईसी के आईपीओ से 10 फीसदी हिस्सा इसके पॉलिसीधारकों को दिया जा सकता है. सरकार का इरादा इसके पॉलिसीधारकों को कंपनी का हिस्सेदार बनाने का है .
उन्होंने बताया कि सरकार सेल और भेल जैसी कंपनियों में रणनीतिक बिक्री कर सकती है. इसके अलावा सरकार जल्द से जल्द बीपीसीएल और एअर इंडिया को बेचना चाहती है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश करते हुए साल 2021-22 में विनिवेश के जरिये पौने दो लाख करोड़ (1.75 लाख करोड़) रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है. इसी के तहत एलआईसी की कुछ हिस्सेदारी बेचने का भी ऐलान किया गया है.
bhavtarini.com@gmail.com 