आओ गाड़ी में कचरा डालो जी गीत गूंजेगा शहर में
विधायक नारायण पट्टा ने किया पराली के गीत एवं छोड़ो प्लास्टिक ऑडियो सीडी का विमोचन
Syed Javed Ali
मंडला - जिले में एक ऐसा भी शिक्षक है जिसे सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की धुन सवार है। आम आदमी सरकार की योजनाओं को समझ कर उसका लाभ उठा सके, इसके लिए शिक्षक की दीवानगी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि उसने अब तक लगभग 32-33 ऑडियो सीडी के लिए सैकड़ों गीत लिखकर उन्हें स्वर भी दिया है। उसकी खूबी है कि वह अपने स्तर पर शासन प्रशासन के नुमाइंदों से चर्चा कर गीतों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाने हेतु उन्हें राजी करते हुए जनता को गीत अर्पित कर देता है।
हम बात कर रहे हैं नैनपुर विकासखंड की प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक श्याम बैरागी की, जिनका गीत गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल पूरे देश में धूम मचा रहा है। और अब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के लिए किसानों द्वारा पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभाव को समझाने के लिए पराली के गीत एक नया ऑडियो सीडी लॉन्च की गई है जिस के गीत श्याम बैरागी एवं आरती बालमुकुंद हरदहा ने लिखा है। इसके एक गीत को श्याम बैरागी एवं दूसरे गीत को जबलपुर की गायिका दीपाली ने स्वर दिया है।
प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग एवं भयानक खतरे को भांपते हुए श्याम बैरागी ने जिले की समस्त नगर पालिका और नगर पंचायतों के लिए छोड़ो प्लास्टिक नाम से एक और ऑडियो सीडी जारी किया है जिसके दो गीत-गाड़ी आई गाड़ी आओ गाड़ी में कचरा डालो जी तथा छोड़ो प्लास्टिक गीत आरती बालमुकुंद हरदहा ने लिखा एवं प्लास्टिक घर में ना लाना श्याम बैरागी ने लिखा एवं सभी गीतों को स्वर भी दिया है।
मवई मे आयोजित कार्यक्रम आपकी सरकार आपके द्वार के मंच से क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पट्टा ने पराली के गीत और छोड़ो प्लास्टिक ऑडियो सीडी का विमोचन किया है। नगर पालिकाओं की गाड़ियों में छोड़ो प्लास्टिक के गीत बजना शुरू हो गए हैं। शुरुआती दौर में ही लोग गीतों को पसंद करने लगे हैं। देखना है ये गीत भी कितने राज्यों का सफर कर पाते हैं।