अब मान भी जाओ! घुमाने भी ले चलूंगा और तुम्हारा पूरा खर्चा भी उठाऊंगा

अब मान भी जाओ! घुमाने भी ले चलूंगा और तुम्हारा पूरा खर्चा भी उठाऊंगा

शादी के 10 दिन बाद हनीमून पर नहीं ले गया तो चली गई थी मायके, पति बोला

भोपाल। मप्र की राजधानी भोपाल में शादी के बाद पत्नी को हनीमून पर नहीं ले जाना एक पति को भारी पड़ गया, पत्नी शादी के 10 दिन बाद मायके चली गई। पति ने अब वादा किया है कि वह पत्नी को महीने में दो से तीन बार बाहर घुमाने ले जाएगा।

समझौता

छह माह बाद विवाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पहुंचा। जहां शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में दोनों में समझौता करा दिया गया।

नए साल में लाएगा वापस

यह भी माना कि पत्नी के मायके में कोई त्योहार, दुख या परेशानी होगी, तो वह साथ लेकर जाएगा। ये भी समझौता हुआ कि दोनों आपस में लड़ेंगे नहीं और ना ही एक-दूसरे का अनादर करेंगे। पत्नी घर के सभी काम करेगी। वह नौकरी नहीं करेगी और उसका खर्च पति उठाएगा। इन बातों के समझौता के बाद तीन जनवरी को पति ससुराल जाएगा और पत्नी को साथ लेकर घर लौटेगा।

बनाना चाहते थे घर जमाई

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कोलार निवासी युवक ने शिकायत की थी कि उसकी शादी 25 जून 2020 को हुई थी। 10 दिन बाद पत्नी हनीमून पर नहीं ले जाने के कारण रूठ कर मायके चली गई। युवक ने पत्नी को बुलाने की गुहार लगाई थी। उसका कहना था कि पत्नी को उसके मायके वाले भड़काते हैं। मुझे घर जमाई बनाना चाहते हैं। उसने कहा कि वह भी अपने माता-पिता की इकलौती संतान है और वह घर से अलग नहीं रह सकता।

ससुर नहीं भेज रहे

असल में, पत्नी ने ये भी शर्त रखी कि दोनों, 10 दिन ससुराल और 10 दिन मायके में रहेंगे। वह ऐसा करने को तैयार नहीं था। पति के मुताबिक, अब पत्नी वापस आना चाहती है, लेकिन उसके पिता भेजने को तैयार नहीं।
कोरोना के डर से नहीं ले गया घुमाने
काउंसिलिंग में पति ने कहा कि कोरोना काल में जैसे-तैसे शादी हुई। कोरोना के डर से शादी के बाद उसकी पसंद की जगह घुमाने नहीं ले गया। उसने हनीमून पर जाने का प्लान बनाया था। इस कारण विवाद बढ़ता गया। इसके बाद वह मायके चली गई।
पत्नी बोली- कहीं नहीं जा सकी घूमने
वहीं, पत्नी ने कहा कि शादी के बाद उसके सपने टूट गए। वह कहीं भी घूमने नहीं जा सकी। पति ने कोरोना का बहाना बनाकर पैसे बचाए। पत्नी ने कहा कि पति को उसकी भावनाओं व इच्छाओं को समझना चाहिए।