जोगी की जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता अब किसानों के साथ खेत पर जाकर काम करेंगे

रायपुर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जोर-शोर के साथ जनता के बीच पहुंचने के लिए कमर कस ली है। शुक्रवार को दो महीने के बाद स्वस्थ्य होकर जोगी दिल्ली से वापस रायपुर लौटे। यहां कार्यकर्ता ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद अब पार्टी ने आगे की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। शनिवार को जोगी ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता अब खेत चलो अभियान चलाएंगे। इसके तहत कार्यकर्ता खेतों में जाकर किसानों साथ उनके काम में हाथ भी बंटाएंगे। यह अभियान जुलाई तक चलेगा। अभियान पर निकलने वाले कार्यकर्ताओं के हाथ में हल भी होगा। 29 जुलाई को हरेली के दिन हल की पूजा के साथ इस अभियान की शुरूआत होगी। इस दिन अजीत जोगी मुजगहन गांव में मौजूद रहेंगे। अमित जोगी बिलासपुर, ऋचा जोगी राजनांदगांव, धर्मजीत सिंग बेमेतरा, देवव्रत सिंह कवर्धा, विधायक सियाराम कौशिक जांजगीर में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे। अभियान के संयोजक पार्टी के कृषि विभाग के अध्यक्ष द्वारिका साहू होंगे।