PHQ में महिला हेल्पलाइन की कांस्टेबल COVID-19 पॉजिटिव, 25 कर्मचारी क्वारंटाइन
भोपाल
पुलिस मुख्यालय (Police Head Quarter) में स्थित राज्य स्तरीय महिला हेल्पलाइन (Woman Helpline) के ऑफिस में महिला कांस्टेबल को कोरोने पॉजिटिव (COVID-19) आने से पूरे पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया है. कार्यालय में काम करने वाले 25 महिला अधिकारी और कर्मचारियों को होम क्वारंटाइन किया गया है. हालांकि महिला हेल्पलाइन अभी भी करीब 4 पुलिस कर्मी ड्यूटी कर रहे हैं.
महिला हेल्पलाइन की प्रभारी सुनीता कोर्निकल ने बताया कि हेल्पलाइन में काम करने वाली कांस्टेबल महिला शाहजहांबाद इलाके में स्थित पुलिस लाइन में रहती हैं. इसी पुलिस लाइन में कई पुलिसकर्मी उनके परिजन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. खुद कांस्टेबल के मामा और दूसरी रिश्तेदार भी कोरोना पॉजिटिव हैं. ऐसे में यह संभावना ज्यादा है कि कांस्टेबल महिला को उसके रिश्तेदार से संक्रमण लगा होगा.
फिलहाल, हेल्पलाइन इंचार्ज का कहना है कि ड्यूटी के दौरान हेल्पलाइन में सभी सावधानियां रखी जा रही है. पूरे ऑफिस को सैनिटाइज किया गया है. साथ में कोरोना से बचाव के सभी दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है. महिला कांस्टेबल के संपर्क में आने वाले तमाम लोगों की डिटेल जुटाई जा रही है. इसके अलावा हेल्पलाइन में काम करने वाले 25 अधिकारी और कर्मचारियों की भी डिटेल खंगाली जा रही है. महिला हेल्पलाइन के नंबर को हंड्रेड डायल नंबर पर ट्रांसफर कर दिया गया है.
महिला अपराध शाखा के एडीजी ने प्रदेशभर में स्थित महिला हेल्पलाइन और अपराध शाखा को पत्र लिखकर तमाम कामकाज ईमेल के जरिए करने के निर्देश दिए हैं. कोई भी पुलिसकर्मी जिलों में स्थित महिला अपराध शाखा में सीधे तौर पर नहीं जाएगा. सभी पत्राचार ईमेल के जरिए होंगे. इस संबंध में सभी जिलों की महिला अपराध शाखा को निर्देश दिए गए हैं.
राज्य स्तरीय महिला हेल्पलाइन पुलिस मुख्यालय परिसर में स्थित है. ऐसे में पुलिस मुख्यालय की तमाम शाखाओं में हड़कंप का माहौल है. जानकारी के मुताबिक तकरीबन 50 लोगों का सैंपल जांच के लिए लिया गया है. हालांकि पुलिस मुख्यालय कोरोना से बचाव के तमाम दिशा निर्देश पहले ही जारी कर चुका है. तमाम पत्राचार ईमेल के जरिए किया जा रहा है. हालांकि स्पेशल ब्रांच में भी 2 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव कांस्टेबल के निकलने के बाद ही एहतियात के तौर पर तमाम इंतजाम पुलिस मुख्यालय में किए गए थे. लेकिन फिर से पुलिस मुख्यालय के परिसर में एक महिला कॉन्स्टेबल के पॉजिटिव निकलने के बाद तमाम तरीके के दिशा निर्देश PHQ स्थित शाखाओं को जारी किए गए हैं.
bhavtarini.com@gmail.com 
