आरएसएस चीफ मोहन भागवत इंटीग्रेटेड ऑर्गेनिक फॉर्म हाउस देखने मुजफ्फरपुर जाएंगे

आरएसएस चीफ मोहन भागवत इंटीग्रेटेड ऑर्गेनिक फॉर्म हाउस देखने मुजफ्फरपुर जाएंगे
मुजफ्फरपुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत 13 फरवरी को मुजफ्फरपुर आएंगे। वे अगले दिन मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित उत्तर बिहार प्रांतीय संघ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा संघ कार्यालय होगा। सर संघ चालक 14 फरवरी को ही औराई प्रखंड के राजखंड गांव में इंटीग्रेटेड ऑर्गेनिक फॉर्म हाउस देखने जाएंगे।

देववती एकात्मक जैविक उद्यान विकसित किया

वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं भारतीय किसान संघ के प्रांतीय महामंत्री गोपाल शाही ने अपने गांव राजखंड में पिछले पांच वर्षों में देववती एकात्मक जैविक उद्यान विकसित किया है। साढ़े 12 एकड़ में फल-सब्जी उत्पादन, इमारती लकड़ी के पौधे, नर्सरी एवं गो पालन व मत्स्य पालन का एकीकृत केंद्र विकसित किया गया है। दो दिवसीय मुजफ्फरपुर प्रवास के दौरान सर संघ चालक 13 की रात उत्तर बिहार प्रांत के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। गोपाल शाही ने बताया कि उत्तर बिहार के प्रांत प्रचारक राम कुमार ने उनके फॉर्म हाउस में आकर सर संघ चालक के कार्यक्रम की जानकारी दी है। यहां उनके निर्देशानुसार तैयारी चल रही है।