SC/ST एक्ट के विरोध में सवर्णों का आंदोलन, शिवपुरी में धारा 144 लागू

शिवपुरी
SC/ST एक्ट के विरोध में मध्य प्रदेश में सवर्णों के आंदोलन को देखते हुए शिवपुरी जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है, जो 6 सितंबर तक रहेगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट्स पर रोक लगा दी गई है.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा लाए गए SC/ST एक्ट को लेकर ग्वालियर-चंबल संभाग में विरोध तेज हो रहा है. इसके चलते मध्य प्रदेश में कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. और कई सवर्ण संगठनों ने आंदोलन को लेकर पहले से ही चेतावनी जारी कर रखी थी.

आंदोलन को देखते हुए ग्वालियर जिले में प्रशासन अलर्ट पर है. जिला प्रशासन ने ग्वालियर जिले में सभी लाइसेंस 11 सितंबर तक के लिए निलंबित कर दिए हैं. इस दौरान कोई भी व्यक्ति हथियार प्रदर्शन नहीं कर सकता. जज, प्रशासनिक अधिकारी, अस्पताल आदि पर यह आदेश लागू नहीं होगा.

ग्वालियर चंबल के अलावा राजधानी भोपाल सहित अन्य जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट ककिया गया है. इससे पहले एक्ट के विरोध में कई जगह प्रदर्शन देखने को मिले हैं. प्रदेश के मंत्री के अलावा एमपी पहुंचे केंद्रीय मंत्रियों का भी घेराव किया जा चुका है.