नम आंखों से दी गई वरिष्ठ पत्रकार अरूण वर्मा को श्रद्धाजंलि
केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने श्रद्धांजलि अर्पित कर जताया शोक
Syed Javed Ali
मण्डला - विगत 22 माह से कोमा में जीवन और मृत्यु के साथ संघर्ष करते रहे वरिष्ठ पत्रकार अरूण वर्मा को अंतिम विदाई दी गई। जिले के चिर-परिचित वरिष्ठ पत्रकार अरुण वर्मा के निधन पर मण्डला सांसद केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्धिवेदी ने गहरा शोक प्रगट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि जिले में पत्रकारिता के माध्यम से अरुण वर्मा ने खास मुकाम हासिल किये, स्वस्थ्य रहते हुए उन्होंने सम्पूर्ण जीवन सजग व निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए समर्पित किया। उनका निधन जिले की पत्रकारिता जगत व समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
उल्लेखनीय है कि 28 जुलाई 2018 को एक सड़क दुर्घटना में पत्रकार अरूण वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये थे जिनका नागपुर, जबलपुर आदि बड़े शहरों में इलाज चलता रहा लेकिन कोमा में गये अरूण वर्मा पुन: स्वस्थ्य नहीं हो पाये। कुछ माह उन्हें कटरा अस्पताल एवं योगीराज हॉस्पिटल में भी रखा गया बाद में स्थिति को देखते हुये उनका घर पर ही इलाज जारी था। 9 सितम्बर 2020, बुधवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। शाम 4 बजे खैरी स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया लगभग 35 वर्षो तक पत्रकारिता जगत में सराहनीय योगदान देने वाले श्री वर्मा जी को अंतिम विदाई के साथ श्रद्धाजंलि दी गई।