कोरबा, मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के मासिक रेडियो वार्ता रमन के गोठ के 35 वीं कड़ी का प्रसारण रेडियो एवं टीवी चैनलों में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने वर्षा ऋतु में प्रदेशवासियों को अधिक संख्या में पौधारोपण करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में सात करोड़ पौधारोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों के हित में धान के समर्थन मूल्य में 200 रूपए प्रति क्विटल, मक्का का समर्थन मूल्य 275 रूपए तथा दलहन, तिलहन और अन्य उत्पादों में भी वृद्धि किए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्रारंभ होने से किसानों की जिन्दगी में सुरक्षा के नए युग की शुरूआत हुई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य के कृषि विश्वविद्यालय तथा अन्य कृषि अनुसंधान केन्द्रों द्वारा धान बोनी की उन्नत विधियां विकसित की जा चुकी है, जिनमें न सिर्फ बोनी हेतु कम बीज और कम पानी की आवश्यकता होती है तथा उत्पादन अधिक होता है। शासन द्वारा किसानों को सीडड्रिल सहित अन्य कृषि यंत्रों के लिए अनुदान दिया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रांे में 1 हजार से अधिक ‘‘कृषि यंत्र सेवा केन्द्र’’ स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता एवं शैक्षिक प्रबंधन में एकरूपता लाने हेतु पंचायत शिक्षकों तथा नगरीय निकाय शिक्षकों का शिक्षा विभाग के अंतर्गत संविलियन किया गया। पालकों से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, उनके स्वस्थ मनोरंजन, खेल-कूद, स्वस्थ्य खान-पान और अच्छे संस्कारों के विकास का भी ध्यान देने का निवेदन किया गया है। राज्य में संचार क्रांति योजना लागू की गई है जिसके तहत घर-घर तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुँचाया जाएगा। विधानसभा में शिक्षाकर्मियों का संविलियन, प्रधानमंत्री आवास योजना, संचार क्रांति योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री पेंशन योजना, सड़क, एयरपोर्ट, पशुमित्र मानदेय, असंगठित श्रमिकों का बीमा, वनधन योजना, गौशालाओं का सुधार, पुलिस बल का आधुनिकरण आदि योजनाओं को लागू करने के लिए प्रावधान प्रथम अनुपूरक बजट में किया गया।
कोरबा में सियान सदन घंटाघर चैक में सामूहिक रूप से रमन के गोठ का श्रवण किया गया। इस अवसर पर अरूण बघेल, पंचूराम यादव, राज, रामायण प्रसाद श्रीवास, सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।