छोटे व्यापारी 5 एकड़ जमीन वाले किसान संबल योजना में शामिल: मुख्यमंत्री

भाजपा सरकार गरीबों की जिंदगी में ला रही बदलाव

जन आशीर्वाद यात्रा बिछिया में उमड़ा भारी जन सैलाब

Syed Sikandar Ali
मण्डला। बिछिया में जन आशीर्वाद यात्रा की जनसभा में भारी जनसमूह मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को आशीर्वाद प्रदान करने उमड़ा। ना केवल बिछिया नगर अपितु विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों से पहुंचे आम जनों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पारंपरिक नृत्य कर्मा, शैला की धुन मांदर व नगाड़े की थाप और फिर भाजपा फिर शिवराज के जयघोष के साथ उनका आत्मीय व भव्य स्वागत किया। अपने स्वागत से अभिभूत शिवराज सिंह जी अपने आप को रोक नहीं सके और लोक नृतकों के साथ उन्होंने भी नृत्य किया।
इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश से गरीबी हटाना उनका संकल्प है इसलिए गरीबों की सेवा, गरीबों के विकास और गरीबों की जिंदगी को बदलने का अभियान वे चलाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संबल योजना में अब छोटे व्यापारी 5 एकड़ तक के स्वामित्व वाले किसान भी शामिल होंगे।
प्रदेश के निम्न मध्यम वर्ग के सभी समाज के लोगों को पक्का मकान और जमीन का पट्टा दिया जाएगा। प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार गरीबों की जिंदगी में बदलाव, बेहतर शिक्षा स्वास्थ्य और सम्मान के साथ जीने का अवसर  विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आगामी 4 साल में पूरे प्रदेश में संबल योजना के तहत सभी के पक्के मकान बनाए जाएंगे।
अब हर घर में उजाला होगा-
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत अब हर घर में बिजली लगेगी। संबल योजना में बिछिया क्षेत्र के 19891 हितग्राहियों के विद्युत बिल माफ किए गए हैं।
कांग्रेस जनता को कर रही गुमराह-
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता को गुमराह करने में लगी है। हाल ही में कांग्रेस भोले भाले ग्रामीण वनवासियों के बीच अफवाह फैला रही है कि उन्हें मदद के रूप प्रदान किए गए चप्पल-जूते, कपड़े, पानी की केन से रिएक्शन हो रहा है जबकि इन चीजों में कोई खराबी नहीं है। यह योजना तेंदूपत्ता संग्राहक और वनवासियों के लिए चलती रहेगी। उन्होंने कहा कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के साथ सिर्फ मजाक किया, उनका उपयोग किया, उन्हें मदद नहीं की। भाजपा सरकार प्रदेश के हर गरीब की मदद के लिए हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए आह्वान किया कि भाजपा के साथ आइए मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाइए।
बिरसा गांव, हलोन परियोजना, बिछिया बाईपास के लिए बनेगी कार्य योजना
  सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक पंडित सिंह धुर्वे द्वारा की गई मांग को शीघ्र कार्य योजना में शामिल करने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा गांव के डूब प्रभावितों को शीघ्र मदद मिलेगी, हलोन परियोजना से लिफ्ट कर बिछिया क्षेत्र में सिंचाई की कार्य योजना प्रारंभ की जाएगी, हाट बाजार योजना, पेयजल योजना और घुघरी मार्ग का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद संपतिया उइके, विधायक पंडित सिंह धुर्वे, जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष विजेंद्र सिंह कोकड़िया, मंडी अध्यक्ष सुनील नामदेव, पूर्व विधायक झल्लू लाल तेकाम, कन्हई राम रघुवंशी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सर्वेश तिवारी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित थे।
निवास क्षेत्र में मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देने उमड़ी भीड़
 निवास विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जन आशीर्वाद यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को आशीर्वाद प्रदान करने एकत्रित हुए। ग्राम मानिकपुर, जिलहटी तिराहा, बिसोरा, अमगंवा, गुलगुल पौड़ी में यात्रा का आत्मीय स्वागत कर उन्हें आशीर्वाद दिया। निवास जनसभा में मुख्यमंत्री को सुनने और उन्हें आशीर्वाद देने बड़ी संख्या में जनसमूह एकत्रित हुआ है।