अंधाधुंध फायरिंग से फैलाई दहशत , खेत से लौट रहे पिता और दो बेटों को बदमाशों ने गोली मारी
आरा
बिहार के भोजपुर में खेत से लौट रहे रहे एक पिता ओर उनके दो पुत्रों को बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। बड़हरा थाना क्षेत्र के फुहां गांव के दियारा में यह वारदात हुई है।
गोलियां लगने से घायल पिता दीनबंधु बिंद (60 वर्षीय), उनके 35 वर्षीय बेटे विष्णु बिंद और 28 वर्षीय भगवान बिंद को प्राथमिक इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार दीनबंधु बिंद अपने बेटों के साथ बड़हरा थाना इलाके के ही चौरासी गांव में यमुना राय के खेत में मजदूरी करते हैं। खेत से तिलहन काट कर ट्रैक्टर पर लादकर सोमवार की रात वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दियारा के पास उन्हें बदमाशों ने घेर लिया। दीनबंधु पर बालू लादकर ले जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली से दीनबंधु और उनके बेटे घायल हो गए।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह तीनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। एसपी हरकिशोर राय ने कहा कि जल्द ही अपराधी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
bhavtarini.com@gmail.com 
