अखिलेश यादव बोले, यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त, नौजवान परेशान

नई दिल्ली
सपा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पहले उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की राह पर था अब भाजपा राज ने 'हत्या प्रदेश' बना दिया है। अखिलेश ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद है। अब अर्थव्यवस्था पर भी मंदी के काले बादल मंडरा रहे हैं। वाहन उद्योग में गिरावट है। इस क्षेत्र में 3.5 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी हो गई है। भाजपा सरकार कौन सी नीति पर काम कर रही है कि नौकरियां जा रही है और बेकारी बेतहाशा बढ़ रही है। नौजवान परेशान हैं।
अखिलेश ने कहा कि जाति आधारित जनगणना होने पर ही सबको आनुपातिक आधार पर भागीदारी मिल सकती है। श्री यादव ने कहा कि श्रम ब्यूरो के सर्वे के मुताबिक 6 वर्षों में 3.7 करोड़ लोग किसानी के काम से अलग हो गए है। बीते 5 सालों में करीब 60 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। एक करोड़ से ज्यादा नौकरियां चली गई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता को बहुत दुःख पहुंचाया है। किसानों और नौजवानों के भविष्य को घोर अंधकार के भंवर में फंसा दिया है।