आम लोगों को नहीं मिलेगा ऑक्सीजन सिलेंडर 

 आम लोगों को नहीं मिलेगा ऑक्सीजन सिलेंडर 

 मेरठ 
आपदा के दौर में ऑक्सीजन आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्लांट से अब आम लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिलेगा। सिर्फ अस्पतालों को ऑक्सीजन सप्लाई होगी। ऐसे में उन हजारों कोरोना मरीजों के सामने दिक्कत आनी शुरू हो गई है जो होम आइसोलेट हैं। वह ऑक्सीजन के लिए भटक रहे हैं।

परतापुर क्षेत्र की कंसल गैस इंडस्ट्री पर पहुंचे डिप्टी कमिश्नर (इंडस्ट्री) एवं सहायक नोडल अधिकारी (ऑक्सीजन) वीके कौशर ने बताया कि मेरठ में ऑक्सीजन पर्याप्त है। अस्पतालों को ऑक्सीजन देने के लिए कोई कमी नहीं है। जितने सिलेंडर मांगे जाएंगे, उससे ज्यादा देने की स्थिति में हैं।

होम आइसोलेट मरीजों को दिक्कत होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को बेड नहीं मिल रहे हैं, उनके लिए अस्पतालों में नए बेड बनाए जा रहे हैं। कुछ कोविड अस्पताल बढ़ाए जा रहे हैं। ऐसे मरीजों को वहां भर्ती कर ऑक्सीजन दी जाएगी। वीके कौशर ने कहा कि अस्पतालों से अलग इलाज करा रहे जिन गंभीर मरीजों के लिए जिला प्रशासन संस्तुति करेगा, सिर्फ उन्हें ही ऑक्सीजन सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके अलावा कोई व्यक्तिगत सप्लाई नहीं होगी।

 डिप्टी कमिश्नर ने साफ कहा कि बाहर सिलेंडर देने पर उसके दुरुपयोग की आशंका है। दरअसल, मार्केट में ऑक्सीजन सिलेंडर की खूब कालाबाजारी हो रही थी। एक-एक सिलेंडर 60 हजार रुपये तक बेचा गया था। इस तरह के कई मामले सामने आने पर प्रशासन ने यह फैसला लिया है।