इंदौर का हाल : 1 दिन में 1313 में से सिर्फ 372 सैंपल्स की जांच
इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर में 28 नए कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) मरीज सामने आए हैं. इन्हें मिलाकर पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1727 पर पहुंच गई है. गुरुवार को जांचे गए कुल 372 सैंपल में से 344 की रिपोर्ट निगेटिव आई है. मेडिकल बुलेटिन में 3 नए मरीजों की मौत की पुष्टि की गई है. इसे मिलाकर मौत का आंकड़ा 86 पर पहुंच गया है.
इंदौर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रवीण जड़िया के अनुसार अब तक 11337 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है. 68 लोगों को गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई.इस तरह अब तक जिले में 663 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं. इसी तरह जिला प्रशासन के क्वारेंनटीन सेंटर्स से अब तक 1854 लोगों को कोरोना के लक्षण नहीं पाए जाने के बाद घर भेजा जा चुका है. फिलहाल 978 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है.
इंदौर में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के बावजूद जांच की धीमी रफ्तार ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले तीन दिन से करीब आधे सैंपल की ही जांच हो पा रही है. मंगलवार को 734 में से 552 सैंपल ही जांचे गए. इससे पहले बुधवार को भी 1174 में से 556 सैंपल की ही जांच हो पाई. इसी तरह गुरुवार को 1313 सैंपल में से महज 372 सैंपल ही जांचे गए.इंदौर संभाग के कमिश्नर आकाश त्रिपाठी ने बताया कि जांच पेंडिंग न हो,इसके लिए पेंडिग सैंपल्स निजी लैब में भी भेजे जा रहे हैं. इससे बैकलॉग खत्म किया जा सके. जांच की रफ्तार बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं. रोज 800 से 1000 सैंपल जांचने की व्यवस्था की जा रही है. अब सैंपल के लिए नए निर्देश मिले हैं. इसमें मोबाइल एप पर सभी जानकारी अपलोड करना होगी और रिपोर्ट आते ही संबंधित मरीज को भी मिल जाएगी.
इंदौर में कोरोना से मरीज़ों की मौत का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल बुलेटिन में तीन नई मरीज़ों की मौत की पुष्टि होने के बाद ये आंकडा़ 86 पर पहुंच गया है. मरने वाले मरीजों में एक 82 साल के बुजुर्ग हैं जो महू के रहने वाले थे. उनकी मौत 7 मई को सीएचआरसी अस्पताल महू में हुई है. बाकी दो मरीज़ इंदौर के हैं. इनमें से एक मरीज़ 63 साल के और दूसरे 40 साल के थे.
bhavtarini.com@gmail.com 
