इंदौर में दिखा स्वैच्छिक और असरदार बंद   

    इंदौर
  कांग्रेस द्वारा पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में किए गए 'भारत बंद' का आज इंदौर तथा आसपास के इलाकों में खासा असर देखा गया। सुबह से ही अधिकांश बाजार बंद रहे। बाजार बंद कराने के दौरान हल्की-फुल्की झड़पें भी हुई! कांग्रेस ने लोगों से अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान नहीं खोलने का आग्रह किया। अधिकांश दुकानें स्वैच्छा से बंद देखी गई! इंदौर में सभी स्कूल बंद रहे, देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी ने आज होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी। बंद को लोगों और व्यापारियों का समर्थन मिला। कांग्रेसियों ने राजवाड़ा इलाके में साइकल चलाकर लेकर विरोध किया।


  राजवाड़ा स्थित अहिल्या प्रतिमा पर कांग्रेसियों ने नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह का मुखौटा पहनकर प्रदर्शन भी किया। शिवराज का मुखौटा पहने कार्यकर्ता साइकल पर सवार था, दूसरा कार्यकर्ता मोदी का मुखौटा पहने पीछे की सीट पर बैठा था। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर भी विरोध जताया और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसी कार्यकर्ता बैलगाड़ी लेकर राजवाड़ा प्रदर्शन करने पहुंचे और नारेबाजी की। बंद को देखते हुए कहीं कोई घटना न हो, इसके चलते पुलिस प्रशासन ने शहर में पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस की गाड़ियां शहर में घूमकर स्थिति पर नजर रखे हुए थी।  महू नाका चौराहे पर कांग्रेसियों ने बीच चौराहे पर गाड़ी खड़ी करके नारेबाजी भी की। इसी समय शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन भी महू नाका पहुंचे और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।  


  एमजी रोड, जवाहर मार्ग, सपना-संगीता रोड और राजबाड़ा इलाके में बंद प्रभावी रहा! कनाड़िया रोड, विजयनगर, कालानी नगर, अन्नपूर्णा और सुदामा नगर भी बंद से प्रभावित हुए। शहर के बाहरी इलाकों में भी लोगों ने मर्जी से बंद किया।  
सुबह सिटी बसें भी बंद 


  आज सुबह जा सिटी बस चली, तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हाथ जोड़कर बंद कराई। लेकिन, दोपहर बाद कुछ सिटी बसें चलती दिखाई दी! 
पुतला जलाया 


   बंद के दौरान यशवंतराव रोड़ पर कांग्रेस प्रवक्ता मंजूर बेग, वीर झांझोट, अमन जयसवाल, गुलज़ार शाह सहित  कार्यकर्ताओं ने मंहगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नरेंद्र मोदी और शिवराजसिंह चौहान का पुतला जलाया। 
कांग्रेसी सक्रिय रहे

   
   शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और राजेश चौकसे ने सभी विधानसभाओं में बंद करवाया। सुबह से कांग्रेसी कार्यकर्ता बंद कराने के लिए शहर में घूमते रहे। विधायक जीतू पटवारी भी राऊ विधानसभा के अलावा अन्य क्षेत्र में भी घूमते दिखाई दिए। अंतरसिंह दरबार ने महू में तो सत्यनारायण पटेल और विशाल पटेल ने देपालपुर में मोर्चा संभाला। मानपुर, बेटमा, धरमपुरी, सांवेर में भी बंद रहा। शहर में सुबह कुछ पैट्रोल पम्प खुले दिखाई दिए तो कांग्रेसियों ने उन्हें बंद कराया। जबकि, पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बंद का ऐलान दोपहर 12 बजे तक किया था।