कोरोना में मारे गए एमवाय अस्पताल के वार्ड बॉय के परिवार को 50 लाख की मदद

कोरोना में मारे गए एमवाय अस्पताल के वार्ड बॉय के परिवार को 50 लाख की मदद

इंदौर
एमवाय अस्पताल (my hospital) के कैंसर अस्पताल (cancer hospital) में पदस्थ वार्ड बॉय विजय चंदेले की मौत के बाद सरकार ने उसके परिवार को आज 50 लाख की आर्थिक मदद दी है. विजय की कोरोना के कारण मौत हो गयी थी. एमआरटीबी अस्पताल में वॉर्ड की साफ-सफाई के दौरान उसे कोरोना हो गया था. इस अस्पताल में कोरोना मरीज रखे गए थे.

तबीयत खराब होने के बाद विजय की कोरोना की जांच कराई गई. जिसमें वो पॉजिटिव पाए गए. उसके बाद उनके परिवार के सदस्यों को भी आइसोलेशन में रखा गया था. विजय की पत्नी और परिवार के कुछ और सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए. हालांकि बाद में उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी.

कोरोना संक्रमण काल में जान देने वाले वार्ड बॉय के परिवार को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 50 लाख रुपए का चैक दिया गया.जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और सांसद शंकर लालवानी ने कोरोना योद्धा योजना के तहत उसके परिवार को ये आर्थिक मदद दी.इस मौके पर कमिश्नर आकाश त्रिपाठी,आईजी विवेक शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह और महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. ज्योति बिंदल भी मौजूद थीं.

कोरोना काल के दौरान गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज,एमवाय अस्पताल,एमआरटीबी अस्पताल या दूसरे किसी भी सरकारी अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रुकने के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं की गई है. जबकि डॉक्टर औऱ मेडिकल स्टॉफ शहर के अलग अलग होटलों में ठहरे हैं. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ड्यूटी खत्म करने के बाद रोज अपने घर लौटते हैं. इससे उनके घर वालों में भी कोरोना फैलने का डर बना रहता है. विजय चंदेले के साथ भी यही हुआ. उसके परिवार के लोग भी संक्रमित हो गए.

कोरोना पॉजिटिव आने बाद वार्ड बॉय विजय चंदेले को एमआरटीबी अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था जहां उसने गुरुवार को दम तोड़ दिया.कोरोना प्रोटोकाल के मुताबिक रिश्तेदारों और स्टॉफ की मदद से उनका अंतिम संस्कार किया गया.1995 में पिता की मौत के बाद विजय को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी उनके दो बच्चे हैं.