छत्तीसगढ़ में बदले की भावना से काम कर रही भूपेश सरकार: शिवराज चौहान
रायपुर
अपने एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब रणछोड़ दास गांधी बन गए हैं. पार्टी छोड़कर जाने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई है. इसका परिणाम कर्नाटक में भी देखने को मिल रहा है. बता दें कि शिवराज सिंह बीजेपी सदस्यता अभियान के तहत रायपुर पहुंचे थे.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर तंज कसते हुए कहा कि "राहुल गांधी अब रणछोड़ दास गांधी बन गए हैं.
कांग्रेस ने नहीं पूरा किया अपना एक भी वादा
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ समेत राजस्थान और मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सिर्फ 6 महीने में ही छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान की कांग्रेस सरकार की पोल खुलने लगी है. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कर्जमाफी, शराबबंदी और बेरोजगारों को भत्ता दिए जाने का वादा किया था, लेकिन इस वादे को अब तक पूरा नहीं किया गया.
बदले की भावना से काम कर रही भूपेश सरकार: शिवराज सिंह
शिवराज सिंह ने कहा कि किसान डिफाल्टर हो रहे हैं और उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कुर्सी छोड़कर चले गए हैं. वहीं, उन्होंने प्रदेश के सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार है या नहीं इसका पता ही नहीं चलता. शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है.
बहरहाल, अपने एक दिवसीय प्रवास में उन्होंने बताया कि पूरे देश में बीजेपी संगठन का विस्तार का अभियान चलाया जा रहा है. इसी के लिए वे छत्तीसगढ़ दौरे पर आए हैं. उनका लक्ष्य दक्षिण से लेकर पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कश्मीर, उड़ीसा और अन्य राज्यों में संगठन का विस्तार कर उसे मजबूत बनाना है.
शिवराज ने बताया कि बीजेपी की सदस्यता अभियान को बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा. हर पोलिंग बूथ में 100 लोगों को जोड़ने की योजना बनाई गई है. यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है.
bhavtarini.com@gmail.com 