जनदर्शन में मिले 167 आवेदन : कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
धमतरी
प्रति सप्ताह सोमवार को आयोजित होने वालंे कलेक्टर जनदर्शन में आज सुबह 11.30 बजे से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों से 167 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सी.आर.प्रसन्ना ने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रितेश अग्रवाल सहित सभी विभाग के जिलाधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में ग्राम बोड़रा के श्रीमती पूजाबाई साहू ने अपने मोहल्ले में पानी निकासी नहीं होने के कारण गंदगी फैलने के संबंध में कलेक्टर को आवेदन दिया। कलेक्टर ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्राम धौराभांठा के महिला समूहों द्वारा जैविक खाद निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट एवं पशु शेड निर्माण के लिए आवेदन सौंपा गया। ग्राम बेलरगांव के श्री महेश सतनामी द्वारा पैतृक भूमि का वर्तमान स्थिति में बी-1 एवं नक्शा, खसरा नहीं मिलने की शिकायत की गई तथा ग्राम मोहेरा के श्री पतिराम ने वनाधिकार पट्टा द्वारा प्राप्त भूमि का ऋण पुस्तिका नहीं मिलने की जानकारी दी। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को रिकॉर्ड अद्यतन कर नक्शा-खसरा उपलब्ध कराने कहा है। ग्राम पंचायत चिंवर्री के आदर्श मत्स्य सहकारी समिति एवं ग्राम लिमतरा के ज्ञान गंगा महिला समूह द्वारा मत्स्य पालन के लिए तालाब लीज में लेने आवेदन दिया गया। जिस पर सहायक संचालक, मछलीपालन विभाग को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
ग्राम नवागांव कंडेल के निवासी श्री पुनीतराम साहू ने अपने खाते से अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा राशि आहरण करने की शिकायत की। ग्राम देवपुर के श्री पुशुराम निषाद एवं श्रीमती भगवती निषाद ने निराश्रित पेंशन हेतु आवेदन दिया तथा ग्राम डोमा के श्री देवनंद कंवर, श्री गुलाबचंद एवं कुमारी नेहा साहू ने विकलांगता पेंशन स्वीकृत कराने गुहार लगाई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम अकलाडोंगरी के ग्रामीणों ने बाजार पारा में बाजार शेड की सुविधा की मांग की है। वहीं ग्राम दरगहन के श्रीमती खेमिन बाई ने अपने घर के सामने लगे 200 किलोवॉट का विद्युत ट्रांसफार्मर हटाने आवेदन दिया। ग्राम डोमा के वार्ड क्रमांक एक के निवासियों ने पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिया।
मगरलोड के श्री सुनील ध्रुव अपने पिताजी की मृत्यु पश्चात् अनुकंपा नियुक्ति हेतु आवेदन दिया। इसी तरह ग्राम गढ़डोंगरी रैयत की सीमा सुधार के लिए ग्रामीणों ने आवेदन दिया। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को रिकॉर्ड अद्यतन करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जनदर्शन में इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, अतिक्रमण हटाने, आबादी पट्टा तथा फसल बीमा संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ.सी.आर.प्रसन्ना ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समय-सीमा में आवश्यक निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com 
