दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, PM नरेंद्र मोदी ने कहा- रिकॉर्ड संख्या में करें मतदान 

दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, PM नरेंद्र मोदी ने कहा- रिकॉर्ड संख्या में करें मतदान 

पश्चिम बंगाल
असम और पश्चिम बंगाल में आज यानी 01 अप्रैल से दूसरे चरण के लिए वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हो गई है। मतदान के शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम और पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से मतदान करने की अपील की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल और असम के वोटरों के लिए दो अलग-अलग ट्वीट किए हैं। पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव हैं। दूसरे चरण के पश्चिम बंगाल में 4 जिलों की 30 विधानसभा सीटों में चुनाव हो रहे हैं। वहीं असम में दूसरे चरण के लिए 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच चुनाव आयोग ने कोविड-19 गाइडलाइन्स के तहत वोटिंग कराने की अपील की है।

 पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने पहले ट्वीट में कहा, 'पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील है कि जिनके निर्वाचन क्षेत्र में आज वोटिंग हो रही है वो रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें।' पीएम नरेंद्र मोदी ने इस ट्वीट को अंग्रेजी और बांग्ला भाषा में ट्वीट किए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा है, ''असम में आज दूसरे चरण का चुनाव हो रहा है। मैं लोगों से इस चरण के सभी पात्र मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने का अनुरोध करता हूं।'' 

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए कहां-कहां वोटिंग हो रही है? पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण की वोटिंग 79.79 प्रतिशत मतदान के साथ 27 मार्च 2021 को खत्म हुआ। पश्चिम बंगाल में चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग जारी है। जिन 30 सीटों पर बंगाल में आज दूसरे चरण में मतदान होंगे, उनमें पूर्व मेदिनीपुर की 9 सीटें, पश्चिमी मेदिनीपुर की 9 सीटें, साउथ 24 परगना की 4 विधानसभा सीटें और बांकुरा की 8 सीटें शामिल हैं।