नौकरानी ने अपने बॉयफ्रेंड के लिए मालिक के घर चोरी की,  लिया गोल्ड लोन

नौकरानी ने अपने बॉयफ्रेंड के लिए मालिक के घर चोरी की,  लिया गोल्ड लोन

  
 नोएडा 

कहते हैं प्यार अंधा होता है। इसमें लोग अपनी जान देने के साथ ही दूसरे की जान लेने, चोरी, डकैती लूटपाट आदि करने से भी पीछे नहीं हटते हैं। प्रेमी-प्रेमिका को केवल अपना साथी नजर आता है। नोएडा में भी एक ऐसे ही प्यार की दास्तां सामने आई है। जहां सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसायटी में काम करने वाली एक नौकरानी ने अपने बॉयफ्रेंड के लिए मालिक के घर चोरी की। बॉयफ्रेंड ने इस चोरी की जूलरी पर गर्लफ्रेंड की आईडी पर गोल्ड लोन लिया। अब दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं।

दोनों को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने सेक्टर-44 के पास से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, मेड ने मालिक के फ्लैट से जूलरी चुराई जबकि बॉयफ्रेंड ने इसपर फाइनेंस कंपनी से गोल्ड लोन लिया था। थाना सेक्टर-39 के एसएचओ आजाद सिंह तोमर ने बताया कि रिया नाम की नौकरानी सेक्टर-100 स्थित लोट्स बुलेवर्ड सोसायटी में एक मैनेजर के घर में काम करती थी और वह उनके ही घर में रहा करती थी।

एक दिन मौका पाकर रिया ने मैनेजर की मां के बेडरूम से गोल्ड की चार चूड़ियां, एक चेन और एक डायमंड रिंग चोरी कर ली। उसने इस जूलरी को अमर कुमार नाम के अपने बॉयफ्रेंड को दे दी। अमर ने दिल्ली के अशोक विहार में गोल्ड एंड फाइनेंस कंपनी से जूलरी को गिरवी रखकर लोन ले लिया था। उसने यह लोन अपनी गर्लफ्रेंड रिया की आईडी पर लिया था। पुलिस ने रिया और अमर कुमार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।