पिता का बदला लेने से पहले ही मैदान से बाहर हुईं फातिमा, आरिफ ने हराया

पिता का बदला लेने से पहले ही मैदान से बाहर हुईं फातिमा, आरिफ ने हराया

भोपाल
 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की सभी 230 सीटों पर हुए चुनावों के लिए रिजल्ट आने लगे है। आपको बता दें कि भोपाल उत्तर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के आरिफ अकील का भाग्य ने साथ दिया है। उन्होंने बीजेपी की फातिमा रसूल सिद्दीकी को हरा दिया है। आरिफ अकील ने लगभग 82705 वोट प्राप्त किए हैं वहीं दूसरी ओर फातिमा रसूल सिद्दीकी ने 48192 वोट प्राप्त किए हैं। बता दें कि आरिफ अकील सन 1998 से लगातार इस क्षेत्र के विधायक हैं। बीजेपी ने इकलौती मुस्लिम महिला प्रत्याशी को इस सीट पर टिकट दिया था। आरिफ अकील के लिए इस बार का चुनाव खासी मशक्कत वाला रहा है लेकिन जीत उन्हीं की दर्ज हुई है।


भोपाल उत्तर सीट पर पर कुल 9 प्रत्याशी चुनाव लड़े हैं। कांग्रेस से आरिफ अकील, बीजेपी से फातिमा रसूल सिद्दीकी के अलावा आम आदमी पार्टी से मुन्ना सिंह चौहान, बीएसपी से प्रकाश और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी से योगेंद्र कैलाशिया चुनाव लड़े। चार निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे। फातिमा कहती हैं कि वे अपने पिता की हार का बदला लेने के लिए कांग्रेस के आरिफ अकील के खिलाफ मैदान में उतरीं।

सन 1980 और 1985 में उनके पिता कांग्रेस के रसूल अहमद विधानसभा चुनाव जीते थे। साल 1990 में हुए चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और निर्दलीय उम्मीदवार आरिफ अकील जीत गए। सन 1977 में अस्तित्व में आई इस सीट पर पहली बार जनता पार्टी के हामिद कुर जीते थे। इसके बाद इस सीट पर बीजेपी को सन 1993 में कामयाबी मिली और रमेश शर्मा यहां से जीते। इलाके में मुस्लिम वोटरों के दबदबे वाली इस सीट पर बीजेपी ने मुस्लिम प्रत्याशी का दांव खेला था लेकिन जीत आरिफ अकील की ही दर्ज हुई।