बलरामपुर: सपा के पूर्व विधायक को पुलिस ने भेजा पाबंद करने का नोटिस
बलरामपुर
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के सादुल्ला नगर थाने की पुलिस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी से लोकसभा चुनाव के दौरान शांति भंग करने की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर पूर्व विधायक को मजिस्ट्रेट ने पाबंद करने का नोटिस भेजा है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि हाशमी पर दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107/116 के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस की ओर से भेजी रिपोर्ट के आधार पर उतरौला तहसील के उप जिलाधिकारी ने पूर्व विधायक को 50-50 हजार रुपये के दो बॉण्ड जमा कर एक साल के लिए पाबंद करने का नोटिस भेजा है।
उप जिलाधिकारी ने हाशमी को 27 मार्च को पेश होने का आदेश जारी किया है। उस दिन उन्हें पाबंद करने या न करने पर फैसला होगा। गौरतलब है कि हाशमी सादुल्ला नगर और उतरौला विधानसभा सीटों से दो बार सपा के विधायक रह चुके हैं। 2017 में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राम प्रताप वर्मा से पराजय का सामना करना पड़ा था।
bhavtarini.com@gmail.com 