बारिश में संभावित जनहानि रोकने के लिये करें आवश्यक व्यवस्थाएँ

बारिश में संभावित जनहानि रोकने के लिये करें आवश्यक व्यवस्थाएँ

भोपाल

जनसम्‍पर्क मंत्री श्री पी.सीं शर्मा ने भोपाल नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया है कि बारिश में किसी भी प्रकार की संभावित जनहानि रोकने के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करें। उन्होंने आज दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के नालों का मौका-मुआयना कर सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किये जाने के निर्देश दिये। मंत्री श्री शर्मा के साथ वार्डों के पार्षद, क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधि भी थे।

 मंत्री श्री शर्मा ने चार इमली, पंचशील नगर, चूना भट्टी, बाणगंगा एवं प्रोफेसर कॉलोनी में नालों का निरीक्षण किया और अब तक किये गए कार्यों का जायजा लिया। श्री शर्मा ने नालों की निय‍मित साफ-सफाई न होने पर नाराजगी व्यक्‍त करते हुए कहा कि दो सप्ताह में बारिश के पूर्व नालों के गहरीकरण और कम चौड़ाई वाले नालों को जालियों से ढंकने के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायें।

रहवासियों की समस्याएँ सुनी

मंत्री श्री शर्मा ने नालों के निरीक्षण के दौरान कॉलोनियों के रहवासियों की समस्याएं सुनी और नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होने हिदायत दी कि जो कहा गया है, उसे समय रहते अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए।   श्री शर्मा ने निरीक्षण के दौरान नगर निगम के मैदानी अमले द्वारा की जा रही अनियमितताओं और लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सहायक जोनल अधिकारी विजेन्द्र गुप्ता और दरोगा लखन को निलंबित करने के निर्देश दिये ।