बाहर कर्फ्यू लेकिन पंचायत चुनाव को कार्मिकों का उमड़ा मेला

बाहर कर्फ्यू लेकिन पंचायत चुनाव को कार्मिकों का उमड़ा मेला

 चित्रकूट 
                                                                                                                                                                                    
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में चित्रकूट में सोमवार को होने वाले मतदान को लेकर कार्मिकों का मेला रविवार को सुबह से ही ब्लाक स्तर पर बनाए गए स्ट्रांगरूमों में उमड़ पड़ा। उपस्थिति दर्ज कराने के लिए काउंटरों में मारामारी की स्थिति रही। लंबी लाइन में लगे कर्मचारियों की भीड़ से कोरोना गाइड लाइन की धज्जियां उड़ीं। यह सब वहां हुआ जहां वह बड़े अफसर मौजूद थे जिनको जिले में कर्फ्यू का पालन कराना था।

रविवार को सुबह ही कार्मिकों को बूथ पर रवानगी के लिए बुलाया गया था। मुख्यालय कर्वी के अलावा रामनगर, पहाड़ी, मऊ व मानिकपुर विकासखंड क्षेत्र के लिए अलग-अलग स्ट्रांगरूम बनाए गए थे। सभी जगह मतदान कार्मिकों को बूथों में रवानगी के लिए रविवार की सुबह सात बजे उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश जिला निर्वाचन की ओर से दिए गए थे। जनपद में 1081 बूथों पर सोमवार को मतदान होना है। मुख्यालय कर्वी के सीआईसी परिसर से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हो रही है।

रविवार को सुबह से ही यहां पर कार्मिकों का मेला लग गया। उपस्थिति दर्ज कराने के लिए काउंटरों में लंबी लाइन लगी रही। हालत यह रही कि भीड़ की वजह से कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं हो पाया। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने खुद काउंटरों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पोलिंग पार्टियों में शामिल कार्मिक एक-दूसरे को खोजने में परेशान नजर आए।