भविष्यवाणी: 15 मई तक चरम पर होगी कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या: IIT वैज्ञानिक

भविष्यवाणी: 15 मई तक चरम पर होगी कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या: IIT वैज्ञानिक

नई दिल्ली
भारत में कोरोना वायरस महामारी की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है, प्रतिदिन के आंकड़े अब तीन लाख के पार पहुंच गए हैं। देश में फिलहाल 24 लाख से अधिक कोविड के एक्टिव केस हैं लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक अगले महीने की 15 तारीख तक यह आंकड़ा 33 से 35 लाख के बीच पहुंच सकता है। कहा जा रहा है कि मई में कोरोना वायरस के एक्टिव मरीजों की संख्या अपने पीक (चरम) पर पहुंच सकती है। हाल में सामने आया विशेषज्ञों का यह दावा सरकार और लोगों की चिंता बढ़ाने वाला है। जैसा कि आपको मालूम है भारत इस समय कोरोना वायरस की दूसरी भयानक लहर का सामना कर रहा है। 

शुक्रवार को सामने आए 3,32,730 नए मरीजों के साथ अब देश में कुल संक्रमितों की संख्या 24,28,616 पहुंच गई है जबकि देश में अब तक कुल 1,62,63,695 लोग महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। आईआईटी वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए एक गणितीय मॉड्यूल की मानें तो 15 मई, 2021 तक देश में कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या 33-35 लाख के बीच में होगी। कानपुर और हैदराबाद में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के वैज्ञानिकों ने अपनी एक रिपोर्ट में भविष्यवाणी की है कि कोरोना मामलों में गिरावट से पहले मध्य मई तक सक्रिय मामलों में लगभग 10 लाख मरीजों की बढ़ोतरी होगी। 

आईआईटी वैज्ञानिकों ने एक गणितीय मॉड्यूल तैयार किया है जिससे यह गणना की गई है कि 11 से 15 मई के बीच कोरोना वायरस के एक्टिव मामले अपने चरम पर होंगे। वैज्ञानिकों ने यह भी कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और तेलंगाना में 25-30 अप्रैल तक सर्वाधिक नए मामले देखने को मिल सकते हैं, जबकि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पहले से ही नए मामलों में अपने चरम पर पहुंच गए हैं।