मतदान दलों को EVM और VVPAT के साथ 'प्याज' देकर किया गया रवाना

मतदान दलों को EVM और VVPAT के साथ 'प्याज' देकर किया गया रवाना

झाबुआ 
लोकसभा चुनाव 2019 के 7वें और आखिरी चरण का मतदान 19 मई को होना है, जिसके लिए मध्य प्रदेश में झाबुआ से मतदान दलों को रवाना कर दिया गया है. मतदान दलों को ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के साथ प्याज देकर रवाना किया गया है.

झाबुआ जिले के 981 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाने के लिए मतदान दलों को ईवीएम और वीवीपैट के साथ रवाना कर दिया गया है. इन दलों को जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज से रवाना किया गया है. हालांकि इसमें खास बात यह है कि मतदानकर्मियों को  मतदान सामग्री के साथ प्याज भी बांटे गए हैं.

मालूम हो कि मई के महीने में तापमान लगातार 41 के ऊपर बना हुआ है. ऐसे में गर्मी और लू से बचने के लिए मतदानकर्मियों को प्याज बांटे गए हैं. संबंधित मामले में कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी प्रबल सिपाहा ने बताया कि कर्मचारियों के बीच से ही गर्मी और लू को देखते हुए सुझाव आया है, जिसके बाद ये नवाचार किया गया है.

झाबुआ में पिछले कुछ वर्षों के तापमान की बात करें तो मई महीने में यहां तापमान 46 डिग्री तक पहुंच चुका है.