महिलाओं के बैंक एकाउंट में जमा होगा न्याय का पैसा, सरकार बनते ही देंगे लाभ: राहुल गांधी

महिलाओं के बैंक एकाउंट में जमा होगा न्याय का पैसा, सरकार बनते ही देंगे लाभ: राहुल गांधी

बिलासपुर
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं. राहुल गांधी चुनाव प्रचार के लिए बिलासपुर के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के सकरी पहुंचे. यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी और पीएम नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल वादों को भी सरकार बनते ही पूरा करने की कवायद शुरू करने की बात कही.

बिलासपुर में राहुल गांधी ने कहा कि न्यूनतम आय योजना के तहत 5 करोड़ गरीब परिवारों के खाते में एक साल में 72 हजार रुपये डाले जाएंगे. राहुल गांधी ने कहा कि न्याय की रकम परिवार के महिला सदस्य के बैंक खाते में डाले जाएंगे, जिनको नोटबंदी के बाद सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था. हमने संकल्प लिया है कि 21वीं सदी में हिंदूस्तान को गरीबी मुक्त करना है.

बिलासपुर में राहुल गांधी ने कहा कि विधानसभा में किए वादों को पूरा किया. कांग्रेस ने किसानों को उनकी जमीन दिलाई गई. मोदी जी ने गरीबों का पैसा छीना, मेहुल चौकसी और नीरव मोदी मालामाल हुए. हम गरीबी पर पर सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे. राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने जो भी कहा उसे पूरा किया है. छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान इसका उदाहरण है.

गौरतलब है कि बिलासपुर में सभा के बाद राहुल गांधी की दूसरी सभा दुर्ग संसदीय क्षेत्र के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में होगी. यहां वे दुर्ग व रायपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे. दोनों ही सभाओं को लेकर तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है. सभा में भारी संख्या में भीड़ जुटाने का प्रयास कांग्रेसी कर रहे हैं. लोकसभा चुनाव 2019 के लिए राहुल गांधी की छत्तीसगढ़ में ये पहली चुनावी सभा है.