मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 72 घंटे में मध्य प्रदेश में झमाझम होगी बारिश!

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 72 घंटे में मध्य प्रदेश में झमाझम होगी बारिश!

भोपाल
 गोवा के बाद महाराष्ट्र के कुछ इलाके में झमाझम बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग  के अनुसार, मानसून  ने रफ्तार पकड़ ली है और अगले 72 घंटे में मध्य प्रदेश  में झमाझम बारिश  होगी।

मानसून की रफ्तार बढ़ गई है। यह तीन-चार दिन बाद मप्र में पूर्वी हिस्से यानी मंडला-जबलपुर संभाग की अाेर से दस्तक दे सकता है। यदि इसकी प्रोग्रेस सही रही तो 27 या 28 जून तक इसके भोपाल पहुंचने की संभावना है।
वरिष्ठ मौैसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पिछले पांच साल के ट्रेंड के अनुसार मानसून के मप्र में प्रवेश करने के बाद भाेपाल पहुंचने में 1 से लेकर 5 दिन का ही समय लगता है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 12 से 24 घंटे में मानसून पूरा महाराष्ट्र कवर कर लेगा। इसके बाद मध्य प्रदेश समेत अन्य प्रदेशों में दस्तक देगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटे मध्य प्रदेश समेत देश के कई इलाकों में झमाझम बारिश होगी। बता दें कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के इलाकों में मानसून पूर्व बारिश हुई थी, जिस कारण यहां का मौसम सुहावना बना दिया है।

कहां पहुंचा मानसून

मानसून महाराष्ट्र के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में पहुंच गया है। उम्मीद जताई जा रही है अगले दो-तीन दिनों मानसून अन्य क्षेत्रों में पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि शुक्रवार तक गोवा में मानसून पहुंचेगा लेकिन गुरुवार को ही मानसून गोवा पहुंच गया था। अब मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है क अगले 72 घंटे में मानसून मध्य प्रदेश पहुंच जाएगा।

यहां भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।