मैं हिंदू विरोधी नहीं, भाजपा का मुखौटा सब पहचान गए
राजगढ़
मुझे भाजपाई हिंदू विरोधी कहते हैं, लेकिन मैं हिंदू विरोधी नहीं हूं। मेरे घर में सात मंदिर बने हैं, इनमें अखंड ज्योति जल रही है और मैं खुद दिन की शुरुआत पूजा पाठ से करता हूं। भाजपा का हिंदूवादी मुखौटा सब पहचान गए हैं। इसलिए अब कोई शंकराचार्य भी उनके पक्ष में नहीं है और वे भी इनकी बुराई कर रहे हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी मोना सुस्तानी के नामांकन फार्म भरवाने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि मैंने पैदल नर्मदा यात्रा की है। कोई भाजपाई ऐसा हो जिसने की हो तो बताएं। हां मामा ने जरूर की है, लेकिन हवा में हेलीकॉप्टर से। मैं व्रत रखता हूं, मैं पूजा करता हूं। मैं धर्मयात्रा करता हूं, लेकिन भाजपा की पोल खोलता हूं, इसलिए मुझे हिंदू विरोधी कहा जाता है। दिग्विजय ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पेंशन बढ़ा दी। करीब ५० प्रतिशत किसानों का ऋण माफ कर दिया। जो बचे हैं आचार संहिता के बाद उनके खातों में भी पैसा आ जाएगा। हमने जो वादे किए उन्हें निभा रहे हैं। लेकिन भाजपा ने जो वादे किए थे, वह भूल गए। अब १५ लाख की कोई बात नहीं होती। रोजगार की कोई बात नहीं होती और विकास की भी कोई बात नहीं करता। अब सिर्फ धर्म और आतंकवाद को लेकर भाजपा धुर्वीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने अपने भाषण के अंत में सर्वधर्म एकता का नारा लगवाया।
अघोषित या घोषित कटौती खत्म
ऊर्जा मंत्री प्रियव्रतसिंह ने मंच से कहा कि हमने जो कहा सो कर रहे हैं। उन्होंने बिजली की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों और गरीबों का बिल आधा कर दिया है और घोषित और अघोषित बिजली बंद हो गई है। हालांकि जिस समय वे संबोधित कर रहे थे। उसी बीच करीब पांच सेंकड के लिए बिजली गुल हो गई। इसके बाद लाइट आने पर उन्होंने कहा कि लोड बढऩे पर बिलिंक हो सकती है। लेकिन सिर्फ यह एक से दो मिनट ही संभव है। जो लोग गलतियां कर रहे थे उन्हें हटा दिया गया है। उन्होंने सीहोर, उज्जैन के उदाहरण देते हुए कहा कि जो कर्मचारी गलत करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी।
bhavtarini.com@gmail.com 
