‘राजद में प्रदर्शन के आधार पर नेताओं को जगह’

पटना
सदस्यता अभियान के प्रदर्शन के आधार पर राजद अपने नेताओं के लिए जगह तय करेगा। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की उपस्थिति में सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने पार्टी नेताओं को अपना बूथ मजबूत करने की सलाह दी।
साथ ही कहा कि कार्यकर्ता बड़ा नेता बनने के चक्कर में पटना घूमते हैं और चुनाव में उनके खुद के बूथ पर पार्टी उम्मीदवार हार जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को लेकर कई तरह की अफवाहें चलाई जा रही हैं। भाजपा या जदयू के साथ गठबंधन के कयास भी लोग लगा रहे हैं।
इन बातों पर ध्यान न देकर पार्टी को मजबूत करने में लगें। राजद को केवल माई समीकरण की पार्टी बताने वालों को साफ बताना होगा कि सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करने वाले हर वर्ग और व्यक्ति की यह पार्टी है। बैठक में ही राबड़ी देवी पार्टी की ऑनलाइन सदस्य बनीं। ऑनलाइन सदस्य बनने वाली वह 1,00,514वीं सदस्य हैं। बाद में उन्होंने तेजस्वी यादव, रामचन्द्र पूर्वे, तनवीर हसन आदि नेताओं को सदस्य बनाया।