राजनंदगांव में बोले अमित शाह- बीजेपी विधायक भीमा मंडावी की हत्या में राजनीतिक साजिश की बू आती है
भोपाल
लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारियां जोरों पर है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आज यानी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे. उन्होंने राजनंदगांव जिले के डोंगरगांव में एक चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशी संतोष साहू के पक्ष में जनता से वोट करने की अपील की. चुनावी सभा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और सांसद अभिषेक सिंह भी मौजूद थे. इसके साथ ही सैकड़ों कार्यकर्ता भी उनकी इस चुनावी सभा में शामिल हुए. सभा को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस महागठबंधन को महाठगबंधन बताया तो वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा.
राजनंदगांव के डोंगरगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आतंकवादियों से ईलु-ईलु कर सकती है, बीजेपी नहीं. बीजेपी ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया है. उन्होने कहा कि उमर अब्दुल्ला ने देश को दो हिस्सों में बांटने की बात कही है. मो. अकबर ने राष्ट्रध्वज का अपमान किया. कांग्रेस के शासन काल में ही मध्य प्रदेश में 281 करोड़ का घोटाला पकड़ा गया.
अमित शाह ने कहा कि बीमारू छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की शुरुआत डॉ. रमन सिंह ने की थी. भाजपा के विधायक भीमा मंडावी की चुनाव प्रचार के दौरान नक्सलियों ने हत्या कर दी. भीमा मंडावी की हत्या में राजनीतिक साजिश की बू आती है. उन्होंने कहा कि भीमा मंडावी की पत्नी ने भी सीबीआई जांच की मांग की है. मंच से अमित शाह ने सीबीआई जांच की मांग की. उन्होने कहा कि जांच के बाद सब दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा. कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ में सीबीआई को बैन कर दिया है. डॉ. रमन सिंह की सरकार रहते राज्य में कभी सीबीआई बैन नहीं हुई.
राजनांदगांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को देश ने 55 साल का वक्त दिया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया. उन्होंने कहा कि विकास के नारों से विकास नहीं होता. कांग्रेस की सरकार में आतंकवादी देश के जवानों का सिर काटकर ले जाते थे. लेकिन कांग्रेस की तरफ से कभी उन्हें जवाब नहीं दिया गया. अब मोदी सरकार ने पुलावामा हमले का करारा जवाब दिया है.
bhavtarini.com@gmail.com 
