रायसेन के रीछन नदी में गिरी बस, 6 की मौत, 19 घायल, कई लापता

 रायसेन के रीछन नदी में गिरी बस, 6 की मौत, 19 घायल, कई लापता

 
रायसेन

मध्य प्रदेश के रायसेन में एक भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात एक यात्री बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए रीछन नदी में गिर गई। उधर, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बस इंदौर से छतरपुर के लिए जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। रीछन नदी पर बने पुल पर एक गड्ढे में फंसने के बाद चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सीधे नदी में जा गिरी।

लापता लोगों की तलाश जारी
देर रात बस के नदी में गिरने की जानकारी स्थानीय लोगों से मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल 6 शव बाहर निकाले जा चुके हैं। वहीं, घायल 19 लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य लापता यात्रियों की तलाश जारी है।