शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, 286 अंक ऊपर खुला सेंसेक्स, निफ्टी 10,850 के पार

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, 286 अंक ऊपर खुला सेंसेक्स, निफ्टी 10,850 के पार

 नई दिल्ली 
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच कोरोना के इलाज पर पॉजिटिव खबरों से बाजार खुश नजर आ रहा है। आज यानी सोमवार को शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी दोनों बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स 286 अंकों की तेजी के साथ 36,880 के स्तर पर  खुला तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी हरे निशान के साथ इस कारोबारी सप्ताह के पहले दिन के कारोबार की शुरुआत की। आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 322.82 अंकों की उछाल के साथ 36,917.15 के स्तर पर था तो वहीं निफ्टी भी 87.70 (0.81%)  अंकों की तेजी के सथा 10,855.75 पर था।गौरतलब है कि बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 573 अंक या 1.59 प्रतिशत के लाभ में रहा। 


बता दें रूस की सेचेनोव यूनिवर्सिटी में दुनिया की पहली कोरोना वायरस वैक्सीन का सफलतापूर्वक परीक्षण पूरा हुआ। रूस के 'द गैमली इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी' द्वारा विकसित की गई वैक्सीन के चिकित्सकीय परीक्षण की शुरुआत 18 जून से शुरू हुई थी।
 

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने जुलाई में अब तक भारतीय पूंजी बाजारों से 2,867 करोड़ रुपये निकाले हैं। डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार विदेशी निवेशकों ने एक से 10 जुलाई तक शेयरों से 2,210 करोड़ रुपये और ऋण-पत्र/ बांड बाजार से 657 करोड़ रुपये निकाले हैं। इस तरह उनकी कुल निकासी 2,867 करोड़ रुपये रही। इससे पहले जून में एफपीआई ने घरेलू बाजारों में 24,053 करोड़ रुपये डाले थे।