सभी मंत्री रहेंगे आयोजन में, मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण, छोटा हो गया आयोजन

सभी मंत्री रहेंगे आयोजन में, मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण, छोटा हो गया आयोजन

भोपाल
स्वतंत्रता दिवस की 73वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले प्रदेश के मुख्य समारोह सहित जिलों में होने वाले समारोह पर कोविड 19 का असर दिखाई देगा। भोपाल में होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे। वहीं उनकी सरकार के सभी मंत्री भी इस दौरान मुख्य समारोह में शामिल होंगे। कोविड-19 के चलते इस बार चुनिंदा लोगों को ही मुख्य समारोह में एंट्री दी जाएगी। जिलों में इस बार कोई भी मंत्री ध्वजारोहण नहीं करेंगे।

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर शनिवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश देंगे। इस दौरान वे परेड की सलामी लेंगे और निरीक्षण करेंगे। इस दौरान प्रमुख आईएएस, आईपीएस अफसरों भी समारोह में रहेंगे। इस बार आम जनता को इस समारोह को देखने के लिए एंट्री नहीं दी जाएगी।

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में इस बार 8 टुकड़ियां ही परेड में शामिल होंगी। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के सहायक पुलिस अधीक्षक जबलपुर रोहित काशवानी करेंगे, जबकि सहायक परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक ऋचा जैन  निभाएंगी। परेड में पुलिस बैण्ड सहित कुल आठ टुकड़ियों ने भाग लेंगी।  इनमें हॉकफोर्स, विशेष सशस्त्र बल, स्पेशल टास्क फोर्स, महिलाओं की विशेष सशस्त्र बल, जिला बल और रेल की संयुक्त टुकड़ी, जिला पुलिस बल एवं रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), जेल विभाग शामिल हैं।